बक्सर में नवजात बिटिया जब अपनी मां के साथ अस्पताल से घर पहुंची तो ढोल-तासे की गूंज पर परिजनों ने नाचते-गाते स्वागत किया। घर से 50 मीटर दूरी तक गुलाब और गेंदा के फूलों की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं। जैसे ही सौरभ चौबे की पत्नी हॉस्पिटल से गोद में नन्ही परी को लेकर घर के दरवाजे पर पहुंची, वैसे ही पहले से बुलाए गए भांगड़ा बैंड वालों ने ढोल बजाना शुरू कर दिया। घर के बुजुर्गों ने डांस करना प्रारंभ कर दिया। लोगों ने फूल भी बरसाए। परिवार में बेटी के गृह प्रवेश के इस अनूठे तरीके की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है। पूरा घर फूलों से सराबोर हो गया।
परिवार के उत्साह से समाज को संदेश
बता दें कि शुक्रवार को सौरभ चौबे की पत्नी दीप्ति चौबे ने एक सुंदर सी बिटिया को जन्म दिया है। तभी से पूरा परिवार जश्न में डूबा हुआ है। फूल बरसाकर बच्ची का भव्य स्वागत किया गया। परिवार का यह उत्साही काम पूरे समाज को यह संदेश दे रहा है कि बेटी है तो कल है। कन्या भ्रूण हत्या पाप है। बेटी दो घरों को जोड़ती है, वो सबका सुख और मान है।
27 साल बाद घर में बेटी ने लिया जन्म
दादी मंजू चौबे ने कहा कि पूरे परिवार को घर मे बेटी का इंतजार था। क्योंकि 27 साल बाद घर में लक्ष्मी का आगमन हुआ है। पूरे परिवार ने भगवान से यही प्रार्थना की थी कि इस बार हमारे घर बिटिया की किलकारी गूंजे। उन्होंने बताया कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि वरदान होती हैं। यह न केवल दो कुलों को आपस में जोड़ती हैं, बल्कि घर की संस्कृति और मर्यादा का प्रतीक होती हैं। उन्होंने समाज को संदेश देने के लिए मोहल्लेभर को दावत देने की योजना भी बनाई है।
मौका देने पर बेटियों ने भी भरी ऊंची उड़ान
पिता सौरभ चौबे ने बताया कि ईश्वर की अपार अनुकंपा, माता-पिता एवं बड़ों के आशीर्वाद के कारण यह हुआ है। मुझे काफी खुशी है कि बेटी के रूप में मेरे घर लक्ष्मी जी का आगमन हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं यह बताना चाहता हूं कि लड़के और लड़कियों में कोई भेद नहीं होना चाहिए। दोनों के जन्म पर समान खुशी होनी चाहिए। समान शिक्षा भी देनी चाहिए। ताकि आगे बढ़कर कल्पना चावला, लता मंगेशकर और मिताली राज बन माता-पिता का नाम रौशन करें।



Comment here