Breaking News

15 मिनट में कुत्तों ने महिला को नोंच खाया:बेगूसराय में हाथ-पैर के मांस खा गए, दिखने लगी हड्डियां

बेगूसराय में आवारा कुत्ते आदमखोर हो गए हैं। इनके आतंक से आसपास के लोगों में दहशत है। एक हफ्ते में कुत्तों ने एक और महिला को अपना शिकार बनाया है। बुधवार को बछवारा थाना क्षेत्र में 15 कुत्तों के झुंड ने एक 53 साल की महिला को नोंचकर मार डाला।n

15 मिनट में ही कुत्तों ने महिला को नोंच-नोचकर खाया। कुत्ते इतने खुंखार हैं कि महिला के हाथ और पैर के पूरे मांस को नोंचकर खा गए। उसकी हड्डियां नजर आने लगी। जब आसपास मौजूद लोगों ने एकजुट होकर कुत्तों को भगाया तब जाकर महिला के शव को उठाया जा सका।

इधर बछवारा बीडीओ पूजा कुमारी से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि आपके माध्यम से घटना की जानकारी मिली है। पता किया जा रहा है। बता दें कि बीते बुधवार को भी इन आदमखोर कुत्तों ने एक महिला को काट खाया था। जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई थी।

घटना के बाद रोते-बिलखते महिला के परिजन।

घटना के बाद रोते-बिलखते महिला के परिजन।

खेत देखने गई थी महिला

महिला की पहचान मीरा देवी (53) के रूप में की गई। मीरा आज सुबह अपने घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित खेत देखने के लिए गई थी। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुन आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने जब यह भयावह मंजर देखा तो वो भी दहशत में आ गए।

इसके बाद कुछ लोग एकजुट हुए और कुत्तों को वहां से भगाया। तब तक कुत्तों ने महिला के शरीर को बुरी तरह से नोंच दिया था। उसके हाथ और पैर के मांस को नोंच कर खा गए और केवल हड्‌डी नजर आ रही थी। मीरा देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मीरा देवी का एक बेटा है जो शादीशुदा है। उसकी पत्नी भी है। सभी घर में थे और मीरा देवी अकेली ही खेत में गई थी।

मीरा देवी के शरीर को कुत्तों ने क्षत-विक्षत कर दिया।

मीरा देवी के शरीर को कुत्तों ने क्षत-विक्षत कर दिया।

7 दिन में दो महिलाओं को कुत्तों ने काट खाया

7 दिन पहले ही बछवारा थाना क्षेत्र के कादराबाद पंचायत के बहियार में भी ऐसी ही घटना हुई थी। महिला 7 दिसंबर की दोपहर बहियार में घास काटने गई थी। यहां पर कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया था। कुत्तों ने उसे नोंच-नोंच कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस बहियार में दो महिलाओं को कुत्तों ने नोंच-नोंच कर मौत के घाट उतार दिया था, लेकिन प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों को हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।

7 दिसंबर को घास काटने गई महिला की कुत्तों ने जान ले ली थी।

7 दिसंबर को घास काटने गई महिला की कुत्तों ने जान ले ली थी।

कई लोगों की हो चुकी है मौत
पिछले एक साल में बछवारा प्रखंड के कई इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बछवारा प्रखंड में अब तक 7 लोगों की जान आवारा कुत्ते ले चुके हैं। जबकि 6 से ज्यादा लोग कुत्तों के नोंचने से गंभीर रूप से जख्मी भी हुए हैं। मंगलवार को भी एक बच्चे पर इन आदमखोर कुत्तों ने हमला किया था, लेकिन लोगों ने समय रहते उसे बचा लिया। स्थानीय लोगों की मांग है कि इसे भी आपदा से मौत में जोड़कर 4 लाख का मुआवजा प्रभावित परिवार के परिजनों को मिले।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.