कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह का स्वागत पटना में एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक खूब हुआ। हाथी, घोड़ा, ऊंट सब लाए गए। हाथों से कौन पूछे मशीन लगाकर फूल बरसाए गए। जगह-जगह कार्यकर्ता झुंड में तीन-चार घंटों तक खड़े रहे स्वागत में। लेकिन जब बापू सभागार में अखिलेश प्रसाद सिंह बोल रहे थे उस समय बापू सभागार की 90 फीसदी कुर्सियों खाली थीं। कार्यकर्ता मंच पर उन्हें बुके देने में लगे रहे। सेल्फियाना होते रहे। इस बीच सवाल उठता रहा कि कांग्रेस में अपने नेता को चेहरा दिखाने की परिपाटी उफान पर है! ज्यादातर कार्यकर्ताओं को जैसे इससे कोई मतलब ही नहीं था कि अखिलेश सिंह क्या भाषण देते हैं ! मीरा कुमार क्या बोलती हैं! तारिक अनवर के क्या विचार हैं! आखिरकार अखिलेश प्रसाद सिंह को अपने भाषण में कहना पड़ा कि वे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा की तरह सभी को मिलाकर चलेंगे लेकिन इसमें एक बात नई होगी की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी कांग्रेस में।
जेडीयू -आरजेडी को चाहिए कि कांग्रेस सहित बाकी दलों को लेकर चलिए, सम्मान कीजिए- अखिलेश प्रसाद सिंह
कांग्रेस वक्ताओं के भाषण में भाजपा पर प्रहार बाद में रहा, उससे पहले महागठबंधन में अपना हक लेने की बात रही। अखिलेश सिंह ने कहा कि मैं जहां रहता हूं वहां 100 फीसदी रहता हूं। किसी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। आलाकमान का फैसला गठबंधन का है। मैं उनके हर फैसले का सम्मान करुंगा। मैं चाहूंगा गठबंधन जो सात दलों का है वह ठीक से चले। लेकिन जदयू और आरजेडी दोनों से अपील करूंगा कि कांग्रेस सहित बाकी को भी सम्मिलित करके चलिए और उचित भागीदारी और सम्मान देने का काम कीजिए। हमलोगों पर आए दिन यह आरोप लगता है कि कांग्रेस पार्टी कमजोर है और जो कांग्रेस की सीट है उस पर कभी आरजेडी तो कभी जेडीयू लड़ जाती है। बड़े भाई को चाहिए कि छोटे भाई को उचित भागीदारी दे, तभी गठबंधन सफल रहेगा।
महिला कांग्रेस के पद से इस्तीफा देने वाली अमिता भूषण पर ये कहा मीरा कुमार ने
लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई पुष्प वर्षा से अभिभूत दिखीं। लेकिन जब उनसे भास्कर ने यह सवाल किया कि कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अमिता भूषण ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है तो मीरा कुमार का जवाब रहा- ‘ये सब हमलोग देख लेंगे कि क्या होगा, अभी तो अखिलेश प्रसाद सिंह ने चार्ज लिया है।’ मीरा कुमार से यह सवाल इसलिए जरूरी था कि कांग्रेस में सोनिया गांधी के बाद किसी महिला नेत्री का सर्वाधिक सम्मान है तो वे मीरा कुमार हैं और बिहार कांग्रेस में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया है और उसके बाद 48 घंटे के अंदर अमिता भूषण के कमरे के फोटो आदि कूड़ेदान में दिखे थे।
कांग्रेस इतनी ताकतवर हो को उसे किसी के दरवाजे पर नहीं जाना पड़े- तारिक अनवर
पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर ने कहा कि अखिलेश प्रसाद सिंह को कांटों का ताज मिला है। प्रदेश अध्यक्ष की बड़ी जवाबदेही उन्हें मिली है। कांग्रेस को इतनी ताकतवर बनाने की जिम्मेदारी अखिलेश सिंह पर है कि बाकी पार्टियां कांग्रेस के दरवाजे पर आए, कांग्रेस को किसी के दरवाजे पर नहीं जाना पड़े। बिहार कांग्रेस को सभी जाति, धर्म को लेकर चलना चाहिए।
2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को महागठबंधन में 12 सीटें चाहिए- अनिल शर्मा
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा ने इसे तर्क से सामने रखा कि अखिलेश सिंह, लालू प्रसाद के आदमी नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को महागठबंधन में 12 सीटें चाहिए। सांसद जावेद ने अपने भाषण में इस मांग को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस को मजबूत सीटें ही लेनी चाहिए जिस पर कांग्रेस की जीत पक्की हो। एमएलसी समीर सिंह ने मंच संचालन किया।
बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, पूर्व अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता अजीत शर्मा, प्रभारी सचिव अजय कपूर, मंत्री अफाक आलम, मंत्री मुरारी गौतम, पूर्व अध्यक्ष चंदन बागची, शकील अहमद, शकील अहमद खान, पार्षद प्रेम चन्द्र मिश्र, डॉ. चन्दन यादव आदि की उपस्थिति खास रही।



Leave a Reply