अग्निवीर सैनिक भर्ती दानापुर में गुरुवार से शुरू होगी। भर्ती प्रक्रिया 1 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलेगी। अग्निवीर सैनिक भर्ती रैली में बिहार के सात जिलों के 82 हजार युवक और बिहार व झारखंड की 21 हजार युवतियों ने आवेदन किए हैं। दानापुर में पहले दिन गोपालगंज जिले के अभ्यर्थी भाग लेंगे। बहाली में शामिल होने के लिए गुरुवार को दोपहर बाद से अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। दानापुर में बिहार व झारखंड क्षेत्रीय सेना भर्ती मुख्यालय कार्यालय के नए भवन चांदमारी स्थित डिफेंस कॉलोनी के आर्मी मैदान में यह भर्ती प्रक्रिया हाेगी।
पहले दिन करीब चार हजार अभ्यर्थी अपना भाग्य अजमाएंगे
भर्ती प्रक्रिया के लिए पहले दिन रात एक बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो जाएगा। पहले दिन करीब चार हजार अभ्यर्थी अपना भाग्य अजमाएंगे। अभ्यर्थी सेना भर्ती रैली मैदान जाने के लिए दानापुर हाथीखाना मोड़ से आनंद बाजार विद्युत पावर सब स्टेशन होते हुए मुख्य आर्मी के गेट से अंदर जाएंगे। इस बीच बुधवार को दोपहर से ही अभ्यर्थी प्रवेश द्वार पर डटे रहे। वहीं मुख्य द्वार से एक आदमी के जाने के लिए दोनों तरफ बांस का घेरा बनाया गया है, जहां अभ्यर्थी कतारबद्ध होकर करीब एक किमी पैदल चलकर भर्ती स्थल तक पहुंचेगे।

डीएम एवं एसएसपी ने लिया तैयारी का जायजा।
अलग-अलग तिथियों को दौड़ में भाग लेंगे अभ्यर्थी
1 दिसंबर को गोपालगंज जिले के अभ्यर्थी सैनिक जीडी पद के लिए दौड़ में शामिल होंगे। 2 दिसंबर को गोपालगंज व वैशाली, 3 दिसंबर को सिवान, 4 दिसंबर को सारण, 5 दिसंबर को सारण व पटना, 6 दिसंबर को पटना व भोजपुर, 7 दिसंबर को भोजपुर, 8 दिसंबर को भोजपुर व बक्सर जिले के सैनिक जीडी पद के लिए दौड़ में शामिल होंगे। 9 दिसंबर को पटना, सारण व सिवान जिले के अभ्यर्थी सैनिक र्क्लक दौड़ में हिस्सा लेंगे। 10 दिसंबर को वैशाली, गोपालगंज, बक्सर व भोजपुर जिले के अभ्यर्थी सैनिक क्लर्क में भाग लेंगे।
11 दिसंबर को भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, पटना, सारण, सिवान व वैशाली जिले के अभ्यर्थी सैनिक तकनीकी पद में दौड़ में भाग लेंगे। 12 दिसंबर को पटना, सारण, सिवान व वैशाली जिले के अभ्यर्थी सैनिक ट्रेडमैन पद के दौड़ में शामिल होंगे। 13 दिसंबर को गोपालगंज, बक्सर व भोजपुर जिले के अभ्यर्थी ट्रेडमैन पद के दौड़ में भाग लेंगे। जबकि 14 दिसंबर को बिहार व झारखंड के सभी जिले की युवतियों के लिए अग्निवीर जीडी पद के लिए दौड़ होगी। महिला अभ्यर्थी को कट ऑफ प्रतिशत की मेरिट सूची के आधार पर एडमिट कार्ड भेजा जाएगा।



Comment here