भवन निर्माण मंत्री डॉ अशोक चौधरी ने कहा कि उन्हें यह कहने में संकोच नहीं है कि इस देश को आजाद कराने में हिंदुओं से ज्यादा खून मुसलमानों ने बहाया है। मौलाना आजाद ने ही चौदह साल की उम्र से पहले सभी बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा अनिवार्य कर दी थी। कहा कि उर्दू एक ऐसी भाषा है जिसे जो भी बोलता है उससे प्यार हो जाता है। यह किसी एक धर्म या सम्प्रदाय की भाषा नहीं है बल्कि यह इस देश की भाषा है और हमें इस संस्कृति का हिस्सा होने पर गर्व है।
वे रविवार को मौलाना अबुल कलाम आजाद के जन्मदिवस, राष्ट्रीय शिक्षा दिवस व कौमी असातिजह तंजीम बिहार के स्थापना दिवस पर एक दिवसीय संगोष्ठी व सम्मान समारोह में बोल रहे थे। बीपीएससी के सदस्य इम्तियाज अहमद करीमी ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ने शिक्षा के क्षेत्र में जो रास्ता दिखाया है उस पर चलने की जरूरत है। माध्यमिक शिक्षा के उपनिदेशक अब्दुस सलाम अंसारी ने कहा कि हमारे उर्दू शिक्षक, उर्दू की रोटी खाते हैं। लेकिन, अपने बच्चों को दूर रख रहे हैं। हम सभी को उर्दू आंदोलन में एक जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।
तभी हम मातृभाषा को जीवित रख पाएंगे। डॉ. अनवर अल हुदा ने भी अपने विचार रखे। कौमी असातिजह तंजीम के सचिव मो. ताजुद्दीन ने नई शिक्षा नीति और बिहार में उर्दू शिक्षा के भविष्य पर अपने विचार रखे। बीपीएससी के सदस्य इम्तियाज अहमद करीमी को मौलाना अबुल कलाम आज़ाद पुरस्कार, उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा बिहार अब्दुस सलाम अंसारी को शम्सुल हुदा अस्थानवी पुरस्कार, मुख्य संपादक एसएम अशरफ फरीद को अहमद सईद मलीह आबादी पुरस्कार, संपादक डॉ. अनवारुल हुदा को बाबा ए उर्दू मौलवी अब्दुल हक पुरस्कार, पत्रकार आरिफ इकबाल को विनोद दुआ पुरस्कार दिया गया।
नीट में सफलता पाने वालों का किया सम्मान
नीट में सफलता के लिए सामिया मुजर, मोहम्मद कैफ, अजका महमूद, हाफिज आतिफ सलमान और असद महमूद को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कौमी असातिजह तंजीम बिहार के संरक्षक अब्दुल हसीब ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में प्रो. एम.एन. रिजवी , राज्य कार्यकारी परिषद सदस्य मुहम्मद रिजवान, नदीम अनवर, रजी अहमद, मुहम्मद अमानुल्लाह, मुहम्मद जावेद, जिला अध्यक्ष शमशाद अहमद साहिल, सचिव आफताब आलम, मुहम्मद सिबगतुल्लाह, मुहम्मद इस्लाम उर्फ मुना, मुहम्मद गफरान, डॉ. कियामुद्दीन, अमानुल्लाह , मुहम्मद जाहिद अनवर, कमर अशरफ, मुहम्मद शमशाद आलम, मुहम्मद आशिक हुसैन, मुहम्मद इम्तियाज, फिरोज आलम, मुहम्मद अलीशान, शकील चिश्ती, प्रणय कुमार, लखन लाल निषाद, सत्येन्द्र कुमार पवन उपस्थित हुए।




Leave a Reply