बिहार में मोकामा और गोपालगंज में उपचुनाव होने के बाद कुढ़नी में विधान सभा उपचुनाव होना है। मोकामा में आरजेडी ने अपनी परंपरागत सीट जीती और गोपालगंज में बीजेपी ने अपनी परंपरागत सीट जीतीं। कुढ़नी आरजेडी की परंपरागत सीट है। इसलिए आरजेडी या महागठबंधन की अग्निपरीक्षा यहां है।
अनिल सहनी की विधायकी रद्द होने के बाद हो रहा उपचुनाव
बता दें कि मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी विधान सभा में उपचुनाव के लिए 10 नवंबर से नामांकन भरा जाना है। यहां 5 दिसंबर को वोटिंग होनी है। कुढ़नी मे अनिल सहनी आरजेडी के विधायक थे। उनकी विधायकी इसलिए चली गई कि उन पर आरोप लगा कि जब वे राज्यसभा के सदस्य थे तब गलत यात्रा भत्ता आदि दिया। एलटीसी घोटाले की जांच सीबीआई ने की और फिर कोर्ट में भी मामला गया। आखिरकार अनिल सहनी को तीन साल की सजा हुई। सजा होने के बाद अनिल सहनी की विधायकी चली गई है।
अब चुनाव आयोग यहां उपचुनाव करा रहा है। सहनी का तर्क है कि उन्होंने किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की है और उन्हें फंसाया गया है, जिसकी लड़ाई वे कोर्ट में लड़ रहे हैं। जानकारी है कि सहनी इस लाइजनिंग में ही लगे हुए हैं कि यह सीट महागठबंधन में आरजेडी के हिस्से ही जाए।
कुढ़नी पर फैसला बाकी
मोकामा और गोपालगंज की दोनों सीटों पर उपचुनाव में जेडीयू ने दरियादिली दिखाई थी और दोनों सीटों पर महागठबंधन की ओर से आरजेडी के उम्मीदवार उतारे गए थे। कुढ़नी, आरजेडी की सीटिंग सीट है इसलिए आरजेडी कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि यहां से आरजेडी के उम्मीदवार उतारे जाएं। हालांकि इस पर फैसला लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार को अंततः करना है कि महागठबंधन में यह सीट आरजेडी के पास रहेगी कि जेडीयू के पास ! राजनीतिक कार्यकर्ताओं को इस फैसले का इंतजार है।
बताया जा रहा है पेंच मुकेश सहनी को लेकर फंस रहा है। मुकेश सहनी, नीतीश कुमार के नजदीक हैं और तेजस्वी ने पिछले विधान सभा चुनाव में सहनी के साथ क्या किया था वह सभी जानते हैं। मुकेश सहनी ने कुढ़नी से उम्मीदवार उतारने की बात कह कर बडा दांव खेला है और दबाव बना दिया है।
16 नवंबर को वीआईपी उतारेगी उम्मीदवार
आरजेडी के पूर्व विधायक अनिल सहनी जोर लगा रहे हैं कि यहां से उनकी पत्नी को टिकट मिल जाए। सबसे बड़ी बात यह कि यहां से वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी अपना उम्मीदवार उतारेंगे। वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव मिश्रा कहते हैं कि ‘ कुढ़नी में 16 नवंबर को वीआईपी उम्मीदवार उतारेगी। इसकी प्रक्रिया चल रही है। वे कहते हैं कि वीआईपी जिसके साथ रहेगी उसी गठबंधन की जीत होगी। हमारी लड़ाई निषादों को एससी में शामिल करने की रही है। यूपी सहित कई राज्यों में नोनिया, बेलदार आदि जातियों को एससी का दर्जा मिला हुआ है, निषादों को भी एससी में शामिल किया जाना चाहिए। बिहार सरकार ने इसके लिए अनुशंसा भी भेजी लेकिन केन्द्र सरकार ने इसे रोका हुआ है।’ यहां स्पष्ट कर दें कि मुकेश सहनी पॉलिटिकल समझौते में भी लगे हुए हैं और उनके निशाने पर भाजपा है, वे शायद ‘आरजेडी का खंजर’ भूल चुके हैं।
यहां से कई हैं रेस में
कुढ़नी विधान सभा उपचुनाव के लिए पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा के बेटे राजीव शर्मा ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से मुलाकात की है। आरजेडी से शेखर सहनी पिछले चुनाव में भी जोर आजमाइश कर चुके हैं। इस बार भी वे रेस में हैं। समाजवादी पृष्ठभूमि के मुक्तेश्वर सिंह भी तेजस्वी से मुलाकात कर चुके हैं। कुढ़नी में हुए 2020 के उपुचनाव को याद करें तो यहां से आरजेडी के अनिल सहनी ने बीजेपी के केदार गुप्ता को 712 वोटों के अंतर से हराया था। 2015 के चुनाव में बीजेपी के केदार गुप्ता ने जेडीयू के मनोज कुशवाहा को हराया था। बात जाति की करें तो इस सीट पर वीआईपी का दावा है कि सहनी वोटर 35 हजार हैं। अन्य जातियों की बात करें तो यहां मुस्लिम, राजपूत, भूमिहार और यादव अहम भूमिका निभाने वाले वोटर हैं। ब्राह्मण, कोइरी, रविदास और पासवान मतदाताओं की संख्या भी यहां अच्छी खासी है।



Comment here