गया-धनबाद रेल खंड के पहाड़पुर-गुरपा स्टेशन के बीच रात को 12301 कोलकाता-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ने रेलवे फाटक के निकट एक बुलेट बाइक के परखचे उड़ा दिए। ट्रेन कोलकाता से दिल्ली जा रही थी। यह हादसा ढाढर नदी स्थित किलोमीटर 436/05-7 के बीच हुआ है।
बुलेट सवार युवक रात को रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद क्रॉस कर रहा था। रेलवे फाटक क्रास करने के दौरान रेलवे ट्रैक पर उसकी भारी भरकम बुलेट फंस गई थी जो उससे नहीं निकल रही थी। इसलिए बाइक सवार से उसकी बाइक न तो आगे ही हो रही थी और न ही पीछे। इसी बीच कोलकाता-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन पहुंच गई। ट्रेन को नजदीक आता देख बुलेट सवार जयराम कुमार बाइक को रेलवे ट्रैक पर ही छोड़ कर भाग गया। और ट्रेन ने बुलेट बाइक के परखचे उड़ा दिए। बुलेट ट्रेन के इंजन में फंस गई थी। इंजन में बुलेट के फंसने का एहसास होते ही ट्रेन के चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को कुछ दूरी पर रोक दिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
ट्रेन के चालक ने घटना की सूचना गया जंक्शन और कोडराम स्टेशन के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर कोडरमा से आरपीएफ की टीम व तकनीकी टीम पहुंची और इंजन के नीचे से बाइक को निकाला गया। इसके बाद इंजन की जांच पड़ताल की गई। जांच में सब कुछ सही पाए जाने के बाद ट्रेन को गया के लिए रवाना किया गया। साथ ही कोडरमा आरपीएफ ने बाइक सवार जयराम कुमार को मौके पर से ही गिरफ्तार कर लिया और बाइक को रेलवे ट्रैक से हटा कर पहाड़पुर कैंप में रात को ले आया गया। जयराम ने आरपीएफ को बताया कि वह मोहनपुर थाना क्षेत्र के पाठक गोरेला का रहने वाला है लेकिन वह अपनी ससुराल पतेया गांव में ही रहता है।



Comment here