शेखपुरा में यात्रियों से भरी एक ऑटो सड़क किनारे पलट गई। इससे ऑटो में सवार एक 32 वर्षीय युवक दानी रविदास की मौत हो गई। जबकि एक अन्य 25 वर्षीय युवक मुरारी तांती गंभीर रूप से घायल हो गया।यह घटना रविवार की शाम जिले के जयरामपुर थाना क्षेत्र के तेउस गांव के समीप घटी।

दोनों को इलाज हेतु रेफरल अस्पताल बरबीघा में स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा दानी रविदास को मृत घोषित कर दिया। जबकि घटना में गंभीर रूप से घायल युवक मुरारी तांती को बेहतर इलाज हेतु पावापुरी रेफर कर दिया गया। मृतक बरबीघा थाना क्षेत्र के मालदह गांव निवासी छोटन रविदास का पुत्र था।जबकि घायल युवक कबीरपुरा गांव निवासी राजेंद्र तांती का पुत्र बताया गया है।
मृतक हरियाणा के पानीपत शहर में स्थापित एक धागा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। गत 25 सितंबर को वह पानीपत से सीधे अपना ससुराल नवादा जिला के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मकनपुर गांव आया था और शनिवार को वह अपनी बहन से मिलने बरबीघा प्रखंड के कन्हौली गांव गया था।वह अपनी बहन से मुलाकात कर आज देर शाम अपना घर एक ऑटो पर सवार होकर लौट रहा था।तभी रास्ते में ऑटो का चालक संतुलन खो बैठा और ऑटो यात्रियों सहित सड़क किनारे खड्ड में जा पलटा।
इसमे 4 यात्री घायल हो गए।जिसमे दो मामूली रूप में घायल होने के कारण अपना घर चले गए।जबकि इन दो गंभीर रूप से घायलों को इलाज हेतु रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां युवक दानी रविदास ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मालदह गांव स्थित युवक के घर और टोला में मातम पसर गया।मृतक पानीपत से छह महीने बाद घर मजदूरी कर दशहरा त्योहार परिवार वालों के साथ मनाने आ रहा था।



Leave a Reply