समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में गुरुवार सुबह शराब कारोबारियों ने एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। युवक के बाएं हाथ में गोली लगी है युवक की पहचान चकहाउद्दीन मोहनपुर वार्ड सात के धर्मेंद्र कुमार उर्फ धीरज के रूप में की गई। जख्मी युवक को ग्रामीणों ने अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय में भर्ती कराया ,जहां से डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया है कि धर्मेंद्र कुछ मित्रों के साथ मथुरापुर में सड़क किनारे स्कूल के पास खड़ा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए तीन लोगों ने उसे टोका उसमें से एक युवक ने कहा तुमने मेरा शराब क्यों पकड़वा दिया। इसी बात पर पहले उसके साथ मारपीट करने लगे। फिर पिस्टल निकाला तो धर्मेंद्र स्कूल की ओर भागा। बदमाश उसका पीछा कर स्कूल में घुस गये और उसे गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना सुबह करीब 9:00 बजे की है।
गोली की आवाज पर जुटे लोगों ने धर्मेंद्र को अस्पताल पहुंचाया
जख्मी धर्मेंद्र के अनुसार गोली चलाने वाला युवक इलाके में शराब का अवैध कारोबार करता है। कुछ दिन पूर्व ही उसका माल पकड़ा गया था। उधर घटना की सूचना पर दलसिंहसराय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभी जख्मी का बयान नहीं लिया जा सका है।



Leave a Reply