सासाराम नगर निकाय चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन का पहला मामला डेहरी नगर परिषद क्षेत्र में आया। जहां प्रशासन ने दो मुख्य पार्षद उम्मीदवार पर आचार संहिता उल्लंघन के मामले को लेकर FIR दर्ज कराया। दोनों मामले संपत्ति विरूपण से संबंधित हैं।
एसडीएम समीर सौरभ ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में 12 अक्टूबर तक आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में आचार संहिता उल्लंघन को लेकर सीओ अनामिका कुमारी ने नगर थाना में मुख्य पार्षद प्रत्याशी किरण देवी व उप मुख्य पार्षद प्रत्याशी रानी कुमारी पर आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया कि शहर के राजपूतान मोहल्ला पथ के किनारे एक बैनर लगा हुआ था, जिस पर मुख्य पार्षद प्रत्याशी किरण देवी का फोटो व चुनाव चिन्ह लगा हुआ था, जो आचार संहिता उल्लंघन तथा सरकारी संपति का विरूपण माना गया है। वहीं दूसरी ओर एनीकट पथ में उप मुख्य पार्षद प्रत्याशी रानी कुमारी का पोस्टर टंगा हुआ था। जिसमें उनका तस्वीर व चुनाव चिन्ह था। यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। सीओ ने बताया कि आचार संहिता का अनुपालन कराने को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। किसी भी प्रत्याशी के द्वारा आचार संहिता उल्लंघन करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।



Leave a Reply