Breaking News

मधेपुरा में 3 लाख की डकैती:हथियार की नोंक पर नगदी ले गए चोर, घर पर ज्यादा रुपए रखने की दी नसीहत

बिहारीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में एक गल्ला व्यवसाई के घर देर रात को घुसे 6 डकैतों ने गृह स्वामी दिनेश कुमार भगत की पत्नी को हथियार की नोंक पर रखकर तीन लाख के जेवरात की डकैती कर ली। इस दौरान घर में रहे 21-22 हजार रुपए भी लूट लिए। डकैतों ने गृह स्वामी दिनेश भगत की पत्नी रीता देवी को धमकी दी कि घर में मनोनुकूल रुपए नहीं मिला है। अब अब से घर में ज्यादा रुपए रखना, नहीं तो हत्या कर दी जाएगी।

घटना के बाद सभी अपराधी फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने अपने घर के अन्य सदस्यों को भी जगाया। घटना के बाबत पीड़ित गल्ला व्यबसाई दिनेश भगत ने बताया कि वे लोग बिहारीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-11 नया बाजार मार्केटिंग यार्ड के समीप वाले मकान में रहते हैं। मंगलवार की रात को उनके घर में वह, उनका बेटा, उनकी पत्नी और पहले माले पर एक किराएदार शिक्षक थे। मंगलवार की देर रात के लगभग 1 बजे घर में घुसे डकैतों ने गेस्ट रूम में सबसे पहले कुंडली बाहर से लगा दिया।

इस कमरे में दिनेश भगत और उनका बेटा सोए हुए थे। इसके बाद उन लोगों ने पहले माले पर किराए पर रह रहे शिक्षक को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद डकैत पत्नी के कमरा में घुसे और सो रही पत्नी को कट्टा और चाकू की नोंक पर ले लिया। पीड़ित ने बताया कि डकैतों ने उनकी पत्नी के मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया था, ताकि वह चिल्ला नहीं सके। इसके बाद गोदरेज की चाबी मांगी। चाबी मिलने के बाद उन लोगों ने गोदरेज खोलकर उसमें रहे लगभग तीन लाख के जेवरात लूट लिए। साथ ही घर में रहे 22-22 हजार रुपए भी ले लिया। जाते समय उनकी पत्नी से डकैतों ने कहा कि घर में रुपए ज्यादा नहीं रखती हो, आगे से रुपए ज्यादा रखा करो। नहीं तो जान भी जा सकती है। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोगों के साथ-साथ पुलिस भी स्थल पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।

दूसरी ओर, बिहारीगंज के आमजन समेत व्यवसायियों का कहना है कि यहां पिछले कुछ समय से लूट, डकैती और चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई है, जबकि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। इस तरह से यहां के लोग अभी दहशत में रह रहे हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.