राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन के बाद लालू ने पत्रकारों से बात की। पत्रकारों ने PFI के बैन पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि PFI पर जांच हो रही है। PFI की तरह जितने भी संगठन हैं सभी पर प्रतिबंध लगाना चाहिए जिसमें RSS भी शामिल है। सभी पर प्रतिबंध लगाया जाए। सबसे पहले RSS को बैन करिए, ये उससे भी बदतर संगठन है। यही बात उन्होंने ट्विटर पर भी कही।
नामांकन दाखिल करने के बाद लालू ने कहा कि राजद नीतीश के साथ मजबूती से खड़ा है। दिल्ली के बिट्ठल भाई पटेल भवन में ये कार्यक्रम हुआ। बुधवार को ही शाम 5 बजे वैध पाए गए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। लालू प्रसाद दिल्ली में ही हैं। हालांकि ये औचारिकता है। लालू प्रसाद यादव ही फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे।

दिल्ली में लालू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किया।
यह पहली बार हो रहा है कि दिल्ली में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष का नामांकन भरा जा रहा है और अधिवेशन भी दिल्ली में ही किया जाएगा। राजद को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए दिल्ली में आयोजन किया जा रहा है। जब से राजद की स्थापना हुई है उसके बाद से लगातार लालू प्रसाद ही राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। राजद की स्थापना दिल्ली में 5 जुलाई 1997 को हुई थी।
लालू प्रसाद को तीन फीट का लकड़ी का जलता हुआ लालटेन तोहफे में दिया जाएगा। राजद के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने बताया कि सारा इंतजाम कार्यकर्ताओं ने ही किया है। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में शामिल होनेवाले पांच हजार लोगों के रहने और खाने का इंतजाम दिल्ली में किया गया है।

लालू यादव का ट्वीट।
उदय नारायण चौधरी और चित्तरंजन गगन पहुंचे दिल्ली
राष्ट्रीय परिषद से जुड़े राजद के कई बड़े नेता भी इसके लिए दिल्ली में हैं। खास तौर से अब्दुलबारी सिद्दकी और श्याम रजक तैयारी के लिए पहले ही जा चुके हैं। लालू प्रसाद के सबसे करीबी नेता भोला यादव दिल्ली में हैं। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी उदय नारायण चौधरी, सहायक राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए।
पहले राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष दो साल के लिए चुने जाते थे लेकिन 2010 के बाद से तीन साल के लिए चयन किया जाने लगा है। लालू प्रसाद 12वीं बार राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। अध्यक्ष पद के लिए एक नेता के नामांकन के लिए राष्ट्रीय परिषद के 10 सदस्य प्रस्तावक होते हैं।
10 अक्टूबर को राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी
बता दें कि 9 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित एडीएममसी कन्वेंशन सेंटर में निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी होनी है। 10 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित तारलटोरा स्टेडियम में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव होगा और नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके बाद नए अध्यक्ष लालू प्रसाद की अध्यक्षता में खुला अधिवेशन होगा।



Comment here