सीवान में सोमवार देर शाम पुलिस ने शराब कारोबारी का तकरीबन 2 किलोमीटर तक पीछा किया। जब वे नहीं रुके तो पुलिस की टीम ने सामने से ओवरटेक कर उनकी कार में कड़ी टक्कर मार दी। जिसके बाद उनकी सेंट्रो कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि पुलिस की स्कॉर्पियो गाड़ी भी आगे से हल्की डैमेज हो गई। हालांकि इस हादसे में किसी की भी हताहत होने की खबर नहीं है। वही मौके का फायदा उठाते हुए शराब तस्कर अपनी कार छोड़कर खेतों की रास्ते होते हुए फरार हो गया। इस दौरान पुलिस ने कार में छिपाकर रखे 25 कार्टून शराब को पकड़ लिया।
वही घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। बताया जाता है कि मुफ्फसिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक कार में शराब लादकर सीवान लाया जा रहा हैं। इसी क्रम में मुफ्फसिल थाने की पुलिस ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। लेकिन पुलिस को देखते ही शराब तस्कर तेज़ रफ़्तार से भागने लगा। इसके बाद महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के हकाम हाइवे के पास महादेवा ओपी पुलिस ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे हकाम हाइवे पर शराब तस्करों की कार सड़क के किनारे पलट गयी।
इस दौरान शराब कारोबारी कार छोड़ कर भागने में सफल हो गया। लेकिन पुलिस ने कार को शराब के साथ जप्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि ज़ब्त कार की रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार माली की शिनाख्त की जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शराब तस्कर कौन थे इनकी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शराबबंदी कानून को पूर्ण रुप से लागू कराने का उन्हें ऊपर से निर्देश है अगर इसमें कहीं भी कोताही दिखती है तो कठोर कार्रवाई होगी।




Leave a Reply