जिला से होकर गुजरने वाली सभी नदियों के जलस्तर में गिरावट जारी है, लेकिन कटाव जारी है। स्थानीय लोगों की मानें तो इस साल जैसा कटाव पिछले कई वर्षाें में नहीं हुआ। कटाव के डर से असंख्य लोग पलायन करने को मजबूर हैं। कटाव को रोकने के लिए सरकार की ओर से इंतजाम करवाया गया था, लेकिन गुणवत्ता की स्तर में कमी होने के कारण इंतजाम असफल रहा। जिले के रामायणपुर में गंगा खतरे के निशान से नीचे आ गई है, जिसके बाद इलाके में भीषण कटाव शुरू हो गया है। पिछले 2 महीने में कटावग्रस्त इलाके से लगभग 150 लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगह पलायन कर गए हैं। हर रोज 100 मीटर लंबी और 20 फिट चौड़ी जमीन कटती है और वहां से गंगा की धारा बहने लगती है। पिछले 2 दिनों के दौरान भी इस इलाके में भीषण कटाव हुआ है। कटाव से सबसे ज्यादा बबला बन्ना गांव के लोग प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में बबला बन्ना गांव का 60 फीसदी हिस्सा कट कर नदी में समा गया है। बचे हुए 40 फीसदी हिस्से पर आबादी बसी हुई है। ग्रामीण मोतिउर रहमान, जमील अख्तर, मोहम्मद जमशेद, फारूक मोहम्मद, मोहम्मद लियाकत व मोहम्मद अताउल सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से कटाव जारी है लेकिन इस वर्ष बबला बन्ना गांव में भीषण कटाव हुआ है। जिसकी चपेट में डेढ़ सौ परिवार आ चुके हैं। अब बचे हुए लोगों को भी डर समा गया है।
नदियों के तांडव से सैकड़ों लोग हुए बेघर
अमदाबाद प्रखंड गंगा एवं महानंदा नदी से घिरा हुआ है। यहां इन नदियों के तांडव से सैकड़ों लोग विस्थापित हो चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य भूमि भी इन नदियों के गर्भ में समा चुकी है। इस वर्ष भी गंगा के कटाव से दो माह के अंदर 150 परिवारों की जमीन और आशियाना नदी में समा गया। हर वर्ष विकराल होते जा रहे कटाव की विभीषिका पर ब्रेक लगाना सरकार के लिए चुनौती बन गई है। नदी के जलस्तर में कमी आने के साथ हर वर्ष कटाव के कारण सैकड़ों परिवार विस्थापन का दंश झेलने को मजबूर हैं।

1984 में कटा था नवरसिया गांव
•2016 से अबतक मेघु टोला, बबला बन्ना, घेड़ा गांव, सूबेदार टोला, युसूफ टोला, झब्ब्ूा टोला, बबला बन्ना प्रतिदिन कट रहा है।
•2013-14 में खट्टी पार दियारा और जामुन तल्ला गांव का अस्तित्व खत्म
•2006-07 में चौकजामा, सूबेदार टोला, धन्नी टोला, हरदेव टोला गांव का आधा भाग कटकर नदी में समा गया।
•1984 से 2005 तक अमदाबाद के नवरसिया गांव, कोसी जल्ली टोला, रामायणपुर, गोलाघाट, बालमुकुंद टोला व बंकु टोला पूरी तरह से नदी में विलीन हो चुका है। जबकि इन्हीं वर्षों में दिल्ली दीवानगंज, लखनपुर, राजमहल कॉलोनी, बेलगच्छी, लख्खी टोला गांव का बड़ा भाग विस्थापित हो चुका है।
गंगा के सीमावर्ती गांव के निकट ठोस कटावरोधी कार्य करवाने की मांग
बबला बन्ना गांव के ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में हो रहे कटाव को लेकर बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा कटाव निरोधी कार्य किया गया। लेकिन ठोस कार्य नहीं होने के कारण कटाव नियंत्रित नहीं की जा सकी। ग्रामीणों ने कहा कि इस इलाके में ठोस रूप से कटावरोधी कार्य नहीं किया गया तो जल्द ही गांव का अस्तित्व जामुन तल्ला, खट्टी, नव रसिया गांव की तरह समाप्त हो जाएगा, जो अब केवल सरकारी कागजों में ही सिमट कर रह गए हैं। ग्रामीणों ने बाढ़ नियंत्रण विभाग व जिला प्रशासन से गंगा के सीमावर्ती गांव के निकट ठोस कटावरोधी कार्य करवाने की मांग की।



Comment here