सीवान में बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के समीप शनिवार की रात्रि करीब 11 बजे दो बाइक की जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना में मृतकों की पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के हुलेसरा गांव निवासी शत्रुघ्न प्रसाद का 26 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार और हाजीपुर निवासी 27 वर्षीय शैलेश कुमार के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के पूर्वी हड़सर निवासी अशोक कुमार का 24 वर्षीय पुत्र दर्शन प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बसंतपुर में शनिवार की रात महावीरी झंडा मेले में होकर अपाची बाइक सवार दो युवक लौट रहे थे। इसी दौरान लहेजी गांव के सामने तेज रफ्तार अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

स्थानीय लोग और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया दिया। जबकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि भगवानपुर हाट निवासी चंदन कुमार पेट्रोल पंप पर रहता है जबकि शैलेश कुमार किसी चिकित्सक के पद पर नियुक्त है। इधर, घटना के बाद बसंतपुर थाने की पुलिस ने दोनों मृतकों का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही इसकी जानकारी उनके परिजनों को दी है। बसंतपुर थानाध्यक्ष ने बताया की देर रात्रि दो अपाची बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में 2 लोगों की मृत्यु हुई है। दोनों काफी अनियंत्रित थे जिसकी वजह से यह घटना घटित हुई। पुलिस कार्रवाई में लगी हुई है।



Leave a Reply