Breaking News

बिहार भाजपा के नए प्रभारी बने विनोद तावड़े:BJP ने प्रभारी पिछड़ा तो सहप्रभारी अगड़ा दिया, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का कॉम्बिनेशन दिखेगा

बिहार में सत्ता से बेदखल हुई भाजपा अपने संगठन को धार देने में जुट गई है। यही वजह है कि पार्टी ने बिहार के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े को बिहार भाजपा की कमान दी गई है। माना जाता है कि विनोद तावड़े संगठन की अच्छी समझ रखते हैं। तभी तो मुंबई महानगर के सबसे कम उम्र का अध्यक्ष तावड़े को बनाया गया था।

महाराष्ट्र में विनोद तावड़े और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मिलकर भाजपा की सत्ता में वापसी कराई थी। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व ने पिछड़े वर्ग से आने वाले तावड़े को बिहार जैसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी दी है।

विनोद तावडे बिहार के प्रभारी रहे और अब केंद्र में मंत्री भूपेंद्र यादव की जगह लेंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश से भाजपा के सांसद हरीश द्विवेदी को सह प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि इससे पहले भी हरीश बिहार के सह प्रभारी रहे हैं। माना जाता है कि उत्तर प्रदेश और बिहार के राजनीतिक गतिविधियों को बेहतर तरीके से चलाने की कला हरीश द्विवेदी में खास तौर पर है। हरीश द्विवेदी सामान्य वर्ग और सवर्ण समुदाय से आते हैं, ऐसे में भाजपा ने एक साथ दो कार्ड खेले हैं। 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए यह बड़े बदलाव किए गए हैं।

बिहार के नए प्रभारी बनाए गए विनोद तावड़े महाराष्ट्र की सियासत में दखल रखते हैं। उनका जन्म 20 जुलाई 1964 को मुंबई के गिरगांव इलाके में एक मराठी परिवार में हुआ था। विनोद तावड़े का सियासी सफर बाल स्वंयसेवक के तौर पर शुरू हुआ था। कुशल संगठनकर्ता के साथ कुशल प्रशासक भी माने जाते हैं। 1995 में उन्हें पहली बार बीजेपी की तरफ से महाराष्ट्र महासचिव बनाया गया। उनकी सांगठनिक क्षमता को देखते हुए नेतृत्व ने उन्हें 2002 में ये जिम्मेदारी फिर से सौंपी। तावड़े का सियासी सफर आगे बढ़ता गया और 1999 में उन्हें मुंबई महानगर इकाई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी बीजेपी ने दी। तावड़े 2014 में विधायक बने और फडणवीस की कैबिनेट में शिक्षा मंत्री बने। फिलहाल भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.