सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की में गुरुवार को एक परीक्षा केंद्र पर चल रही रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा में एक अभ्यर्थी मैट्रिक का फर्जी प्रमाण पत्र लिए पहुंच गया। लेकिन, जांच के दाैरान वह पकड़ा गया। उसकी पहचान समस्तीपुर के चकललसाही थाने के चकमेली निवासी रजनीश कुमार उर्फ रमेश सिंह के रूप में हुई है।
टीसीएस प्राइवेट लिमिटेड की कर्मचारी सौम्या ने उसके खिलाफ गुरुवार को सदर थाने में आवेदन दिया। आवेदन के साथ सौम्या ने रजनीश का स्वीकारनामा, दोनों प्रवेश पत्र, अंक पत्र और मोबाइल सेट भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस काे दिए आवेदन में कहा है कि रजनीश कुमार द्वितीय पाली में परीक्षा देने आया था। जांच के क्रम में पकड़ा गया। थानेदार सत्येंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस से कहा- नहीं मिल रही थी नौकरी इसलिए किया फर्जीवाड़ा : पुलिस पूछताछ में रजनीश उर्फ रमेश ने बताया कि नौकरी नहीं मिल रही थी, इसलिए यह रिस्क लिया। लेकिन, इसमें भी विफल रहा। कहा कि उसने 24 अगस्त को भी परीक्षा दी थी। दोबारा रजनीश कुमार के नाम से परीक्षा देने आ गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।







Leave a Reply