Breaking News

कुमार ऋत्विक की जांच करेगी राज्य की आर्थिक अपराध इकाई:डिहरी-डालमियानगर नगर परिषद के रहे थे ईओ

जिले के नगर परिषद, डिहरी-डालमियानगर के कार्यपालक अधिकारी रहे कुमार ऋत्विक पर भ्रष्टाचार, आय से अधिक संपत्ति और वित्तीय अनियमितता की जांच अब राज्य की आर्थिक अपराध इकाई करेगी। रोहतास के डीएम धर्मेन्द्र कुमार ने गुरुवार को पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई से कराए जाने की अनुशंसा की है। उल्लेखनीय है कि कुमार ऋत्विक तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, डिहरी-डालमियानगर संप्रति ईओ जहानाबाद के विरुद्ध डिहरी नगर परिषद अंतर्गत वित्तीय अनियमितता एवं सरकारी राशि के गबन का शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसमें तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप लगाया गया है।

संयुक्त जांच दल ने की आरोपों की जांच

उक्त आरोपों के संबंध में डीएम द्वारा एक संयुक्त जांच दल का गठन किया गया था, जिसमें समीर सौरभ, एसडीएम डेहरी तथा प्रवीण चंदन वरीय उप समाहर्ता रोहतास जांच दल के सदस्य थे। संयुक्त जांच दल द्वारा दिनांक 16 जुलाई 2022 को मंतव्य सहित प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी महोदय के अवलोकनार्थ उपलब्ध कराया गया। जांच दल द्वारा प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर कुमार रित्विक से स्पष्टीकरण की मांग की गई। जिसके आलोक में उनके द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण तथ्यहीन तथा भ्रामक होने के कारण, इस मामले में पुनः उससे कारण पृच्छा की गई और स्पष्ट प्रतिवेदन उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। इस संबंध में अब तक श्रीकुमार ऋत्विक से स्पष्टीकरण अप्राप्त है जिससे प्रथम दृष्टया गंभीर वित्तीय अनियमितता परिलक्षित होती है।

ईओ पर प्रपत्र ‘क’ का हुआ गठन

जांच दल के द्वारा प्राप्त जांच रिपोर्ट तथा कुमार रित्विक से कारण पृच्छा किए जाने के बाद भी प्रतिवेदन उपलब्ध ना कराना वित्तीय अनियमितता को परिलक्षित करता है। इस आलोक में डीएम द्वारा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को कुमार रित्विक के ऊपर प्रपत्र ‘क’ गठित कर आरोप पत्र अग्रेतर कार्रवाई हेतु भेजी गई है। साथ ही साथ इस वित्तीय लेनदेन जिसमें बैंक खाता की जांच इत्यादि हेतु मामले की विस्तृत जांच करने के संबंध में कार्रवाई करने हेतु आर्थिक अपराध इकाई बिहार पटना को भी भेजा गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.