शेखपुरा के घाटकुसुंभा प्रखंड क्षेत्र में हरोहर नदी का पानी प्रखंड क्षेत्र के निचले भागों में फैलने लगा है। गंगा में लगातार हो रहे जलस्तर में वृद्धि से हरोहर का जलस्तर भी प्रतिदिन 15 से 20 सेंटीमीटर लगातार बढ़ रहा है। प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। क्षेत्र में लोगों को होने वाली असुविधा दूर करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। आवागमन की समस्या को दूर करने के लिए पर्याप्त संख्या में नाव की व्यवस्था कर ली गई है।
प्रशासन द्वारा नदी के जल स्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। धान के लहलहाती फसल में पानी प्रवेश कर जाने से किसानों के माथे पर पसीना देखा जा रहा है। क्षेत्र से आ रही जानकारी के अनुसार हरोहर नदी का पानी तेजी से नीचे क्षेत्रों में फैलना शुरू हो गया है। विभिन्न स्रोतों से पानी खेतों में फैलना शुरू हो गया है। हारोहर नदी के निकट के गांव पानापुर में नदी के बढ़ रहे जलस्तर से लोगों ने रतजगा शुरू कर दिया है। बताया गया कि अभी नदी का पानी लोगों के घरों में से दूर है।




दावा है कि पर्याप्त संख्या में नाव की व्यवस्था कर ली गई है।
लेकिन गांव और घरों के आसपास नदी का पानी पहुंच जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल होना तय लग रहा है है। पानापुर गांव के दलित टोला वाले रास्ते में पानी प्रवेश कर गया है। प्रखंड क्षेत्र के अन्य गांव के लोग भी हरोहर नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर से चिंतित दिख रहे हैं। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में बरसात के दिनों में प्रति साल लोग बाढ़ का सामना करते हैं । लेकिन इस बार मॉनसून के दगाबाजी के कारण पहली बार लोगों को बाढ़ का नजारा देखने को मिल रहा है।



Leave a Reply