Breaking News

डीलर की शिकायत लेकर 80KM दूर से आए लोग:सप्लाई ऑफिसर ने दिया कार्रवाई का भरोसा, लोगों का आरोप – डीएम से नहीं मिलने दिया

गया जिले के इमामगंज प्रखंड के बगेया और कोसमा के दर्जनों ग्रामीण शुक्रवार को करीब अस्सी किलोमीटर का सफर कर जिला पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वे अपने गांव के गांव के डीलर से परेशान हैं। उनकी शिकायत है कि गांव का दबंग डीलर पति अपने हिस्से का वाजिब खाद्यान्न की मांग करने पर मारपीट करता है। साथ ही वह केस में फंसाने की भी धमकी देता है।

बड़ी संख्या में डीएम के जनता दरबार में ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने ग्रामीणों को अपने पास बुलवाया और उनकी बातों को सुनकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि डीएम कार्यालय में शिकायत करने के लिए पहुंचे थे लेकिन जिला आपूर्ति अधिकारी ने उन्हें रोक दिया और कहा कि वे अपने स्तर से इस मामले की जांच करेंगे और निश्चित तौर पर कार्रवाई करेंगे। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के आश्वासन के बाद उन्हें आवेदन दिया गया है।

अनाज कम देने व मारपीट किए जाने का यह मामला जिले के इमामगंज प्रखंड के सिद्धपुर पंचायत के ग्राम बगेया वार्ड नंबर 6 और ग्राम कोसमा वार्ड नंबर 7 के ग्रामीणों का है। इन ग्रामीणों के डीलर मंजू देवी है। आरोप है कि मंजू देवी का पति राम प्रवेश यादव 5 किलो खाद्यान्न के जगह पर कम अनाज देते है। ग्रामीणों के साथ आए इमामगंज के पूर्व उप प्रमुख केदार यादव ने बताया कि 5 किलो अनाज देने के नाम पर ग्रामीणों से पूरा पैसा लिया जाता है लेकिन उन्हें पांच किलो अनाज नहीं दिया जाता है।

इसके अलावा यह भी आरोप है कि गेहूं की सरकारी दर दो रुपये किलो है लेकिन वह चार रुपये प्रति किलो की दर से वसूली करता है। चावल की सरकारी रेट रुपये है उसे भी बढ़ा कर वह लेता है। ग्रामीण इस बात का विरोध करते हैं तो डीलर का पति बोलता है कि जहां जाना है जाओ शिकायत करने से कुछ होने वाला नहीं है। साथ ही मारपीट करते हैं और धमकी भी देते हैं। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि एमो उमेश पासवान से शिकायत की लेकिन अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो हम गांव के लोग डीएम से मिलने पहुंचे है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.