Breaking News

सीतामढ़ी में ड्यूटी कर रहे वारंटी दारोगा:कोर्ट से जारी है गैर जमानती वारंट

सीतामढ़ी एसपी हर किशोर राय कोर्ट के आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। दारोगा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए जाने बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। इतना ही नहीं, वारंटी दारोगा अशोक कुमार मुख्यालय थाना में ड्यूटी कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी कोर्ट के एसीजेएम एक ने 10 अगस्त को दारोगा अशोक कुमार के विरूद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया था। एसपी को उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। दरअसल, दारोगा अशोक कुमार के मेजरगंज थानाध्यक्ष के पद रहने के दौरान प्रभात कुमार से अपने सरकारी मोबाइल नंबर से 50 हजार रुपए रंगदारी की मांग की थी।

इसको लेकर मामले में परिवाद दायर किया था। युवक ने तत्कालीन थानाध्यक्ष का कॉल रिकॉर्ड कर साक्ष्य के तौर न्यायालय में प्रस्तुत किया था। इसके बाद कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए दारोगा अशोक कुमार के विरूद्ध रंगदारी मांगने की धाराओं के तहत वारंट जारी किया है।

न्यायालय से जारी किए गए वारंट को सीतामढ़ी एसपी हर किशोर राय को अग्रसारित किया गया और आदेश दिया कि दारोगा को अविलंब गिरफ्तार कर कोर्ट में प्रस्तुत करें। लेकिन कोर्ट से मिले गैर जमानती वारंट के बावजूद अबतक दारोगा को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

बता दें कि मेजरगंज थाने में पदस्थापित रहने के दौरान दारोगा अशोक कुमार को निलंबित कर दिया गया था। बाद में उन्हें मुख्यालय थाना डुमरा में जेएसआई के रूप में पदस्थापित किया गया है। वारंटी दारोगा अशोक कुमार अब भी मुख्यालय थाना में ड्यूटी कर रहे हैं।

मामले को लेकर एसपी हर किशोर राय से कई बार उनके सरकारी नंबर पर संपर्क का प्रयास किया गया। लेकिन उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.