राष्ट्रीय जनता दल ने कुछ दिन पहले तेज हुई राजनीतिक गतिविधियों के बीच अपने प्रवक्ताओं के पैनल को रद्द कर दिया था। अब शुक्रवार को पार्टी ने 8 प्रवक्ताओं की सूची जारी की है। शुक्रवार को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह कार्यालय नहीं आए थे। राजद के संगठन सह कार्यालय प्रभारी राजेश यादव ने प्रवक्ताओं की नई सूची जारी की है। इसमें आठ प्रवक्ताओं के नाम हैं।
हद है नामों की सूची जारी करते हुए इस अनुशासन का ख्याल भी नहीं रखा गया है कि किनका नाम ऊपर होना चाहिए और किनका नीचे। आठवें नंबर पर सतीश कुमार दास का नाम है और वे मखदुमपुर से विधायक हैं। इसके पहले ऐसे कई का नाम है जो विधायक भी नहीं हैं। इस पर भी अगर ध्यान न दें तो राजद के वरिष्ठ नेता चित्तरंजन गगन का नाम सातवें नंबर पर है। जिन आठ लोगों की लिस्ट जारी की गई उसका क्रम देखने लायक है और इसकी खूब चर्चा पार्टी के अंदर और बाहर है। चर्चा इसलिए भी है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और वे पार्टी में अनुशासन को स्थापित करने के लिए जाने जाते हैं।
जारी की गई सूची पर गौर करें
1. भाई वीरेन्द्र – विधायक 2. शक्ति सिंह यादव- पूर्व विधायक 3. मो. एजाज अहदम 4. इज्या यादव, पूर्व विधायक 5. रितु जायसवाल 6. ऋषि मिश्रा, पूर्व विधायक 7. चित्तरंजन गगन 8. सतीश कुमार दास, विधायक

भाई वीरेन्द्र मुख्य प्रवक्ता थे पर वे नई सूची में प्रवक्ता ही दिख रहे हैं।
ललित नारायम मिश्रा के पोते ऋषि मिश्रा प्रवक्ता बने
पहले राजद में 19 प्रवक्ता थे, लेकिन इस बार सरकार में आने पर राजद ने इसकी संख्या आठ कर दी है। इन आठ लोगों में छह पुराने हैं। नई सूची जारी करते हुए यह भी कहा गया है कि यथाशीघ्र इसका विस्तार किया जाएगा। नई सूची में दो नए प्रवक्ताओं में ऋषि मिश्रा और सतीश कुमार दास हैं। ऋषि मिश्रा जाले से पूर्व विधायक हैं। वे भारत सरकार के भूतपूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावार नेता रहे ललित नारायण मिश्रा के पोते हैं। कुछ माह पहले वे कांग्रेस छोड़ राजद में शामिल हुए थे। अपने क्षेत्र में ऋषि मिश्रा की अच्छी पैठ है। सतीश कुमार दास, मखदुमपुर से विधायक हैं। पुलिस बिल पर बिहार विधान सभा में काफी हंगामा हुआ था और कई विधायकों को घसीटा गया, पीटा गया उसमें सतीश कुमार दास भी थे। पिटाई के बाद उनका इलाज भी अस्पताल में चला था। कंधे पर लाल रंग के पट्टेवाले थैले से भी लोग उनकी पहचान करते हैं। बोलने में भी वोकल हैं।
आठ में तीन यादव जाति से हैं
प्रवक्ताओं की सूची से जो महत्वपूर्ण नाम हटा दिया गया है वह है मृत्युंजय तिवारी का। वे एमएलसी पद की रेस में थे पर पार्टी ने एमएलसी नहीं बनाया। वे टीवी चैनलों पर सबसे अधिक दिखने वाले चेहरों में भी रहे हैं। उनको प्रवक्ताओं की सूची से बाहर करने पर तरह-तरह की चर्चा है। भाई वीरेन्द्र मुख्य प्रवक्ता थे पर वे नई सूची में प्रवक्ता ही दिख रहे हैं। प्रवक्ताओं में सोशल इंजीनियरिंग तलाशें तो आठ में तीन यादव हैं। भाई वीरेन्द्र- यादव, शक्ति सिंह- यादव, इज्या यादव- यादव हैं। मो. एजाज अहमद मुसलमान हैं। रितु जायसवाल पिछड़ी जाति से हैं। ऋषि मिश्रा और चित्तरंजन गगन दो ब्राह्मण हैं। अगड़ी जातियों राजपूत, भूमिहार, ब्राह्मण में से सिर्फ बाह्मणों को जगह दी गई है। सतीश कुमार दास, रविदास समाज से आते हैं। अतिपिछड़ी जाति से कोई प्रवक्ता नहीं हैं।



Leave a Reply