Breaking News

गठबंधन टूटते ही ऐसे भड़के जैसे सालों के दु’श्मन:नीतीश-सुशील मोदी लगातार हमलावर; CM बोले- सम्मान नहीं मिला

9 अगस्त को बिहार में एनडीए गठबंधन टूट गया। बीजेपी और जेडीयू का सालों पुराना रिश्ता ढह गया। इस रिश्ते के टूटने के बाद से जेडीयू और बीजेपी के नेता एक दूसरे पर ऐसे हमलावर हुए हैं जैसे उनकी दुश्मनी सालों साल पहले की हो। इसमें बड़े नेताओं ने भी अहम भूमिका निभाई है। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहां मौका देख रहे हैं वहां बीजेपी पर हमला करना शुरू कर दे रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गठबंधन टूटने के बाद पांच बार बीजेपी को कोस चुके हैं।

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बीजेपी पर तीन बार हमला किया है। तो सुशील मोदी ने सोशल मीडिया और बयान बाजी लेकर लगभग 5 बार नीतीश कुमार पर हमलावर रहे हैं। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी सोशल मीडिया और धरना प्रदर्शन में 5 बार महागठबंधन जनमत की चोरी का आरोप लगा चुके हैं। तेजस्वी यादव ने यहां से लेकर दिल्ली तक चार बार बीजेपी पर हमला कर चुके हैं और नीतीश कुमार को अपना सच्चा साथी बता रहे हैं।

नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से 9 अगस्त को इस्तीफा दिया और बीजेपी पर हमलावर हो गए। नीतीश कुमार ने इस दौरान बीजेपी पर अपने आप के अपमान का आरोप लगाया। कहा एनडीए में सम्मान नहीं था। नीतीश कुमार जब इस्तीफा देने गए, उसके बाद राजभवन गेट पर ही बीजेपी पर हमला बोल दिया। उसदिन दो बार बीजेपी पर भड़के थे। दूसरे दिन जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद का शपथ लिया, उसके बाद बीजेपी ने उन्हें कैसे अपमानित किया यह बताया। दूसरे दिन जब 7 शहीदों की श्रद्धांजलि समारोह में गए तो वहां भी बीजेपी को भरपेट कोसा। शुक्रवार को भी रक्षाबंधन के मौके पर बताया कि कैसे बीजेपी से वह हटे और आने वाले दिनों में अपनी विपक्षी एकता को मजबूत करके आगे की रणनीति बनाएंगे।

ललन सिंह

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह यूं तो कम बयानबाजी करते हैं। लेकिन जब बोलते हैं तो विपक्ष को ऐसे आड़े हाथों लेते हैं कि विपक्षी नेता तिलमिला जाते हैं। एनडीए गठबंधन टूटने के बाद 9 अगस्त को उन्होंने मीटिंग के समय ही बीजेपी पर हमलावर होते हुए कहा कि बीजेपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अपमान करती थी। दूसरे दिन ललन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सिलसिलेवार तरीके से बताया कि किस तरह से आरसीपी सिंह को मोहरा बनाया गया और बीजेपी जेडीयू को कमजोर करने की साजिश कर रही थी।

ललन सिंह अब आड़े हाथों सुशील मोदी को ले रहे हैं। जिन्होंने यह कहा था कि नीतीश कुमार उप राष्ट्रपति बनना चाहते थे, जब नहीं बने तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। इस पर ललन सिंह ने उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नीतीश कुमार कभी भी राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति नहीं बनना चाहते थे। इस तरह के बयान बाजी से सुशील मोदी अपने आपको बिहार में स्थापित करना चाहते हैं। यदि इस तरह की बयानबाजी से उनका कुछ भला हो जाता है तो उनको शुभकामनाएं।

सुशील मोदी

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी 9 अगस्त से ही लगातार जेडीयू पर हमलावर हैं। सोशल मीडिया से लेकर बयान बाजी तक में उन्होंने जेडीयू को घेर रखा है। बीजेपी ने जब महा धरना दिया तो सुशील मोदी ने बताया कि किस तरह से जनादेश का अपमान किया गया है। सुशील मोदी लगातार ट्वीट के जरिए भी जेडीयू को आइना दिखा रहे हैं और यह बताते जा रहे हैं कि तेजस्वी यादव ने किस तरह से भ्रष्टाचार किया है और वक्त आने पर तेजस्वी यादव जेल भी जाएंगे।

संजय जायसवाल

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल गठबंधन टूटने से पहले भी जेडीयू पर हमलावर थे। अग्निवीर विरोध में जिस तरह से बिहार में दंगे फैले थे उसमें उन्होंने बिहार सरकार पर सवाल उठाया और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाया था। गठबंधन टूटने के बाद संजय जयसवाल और मुखर हो गए हैं। लगातार सोशल मीडिया से लेकर बयानबाजी तक में जेडीयू को जनादेश का चोर करार दे रहे हैं। संजय जयसवाल अलग-अलग जगहों पर धरना प्रदर्शन में शामिल भी हो रहे हैं जिसमें लोगों को यह बता रहे हैं कि किस तरह से नीतीश कुमार ने पलटी मार कर बीजेपी को धोखा दिया है।

NDA का साथ छोड़ने के बाद नीतीश और तेजस्वीर की ये पहली तस्वीर थी। जिसमें वो साथ नजर आए।

NDA का साथ छोड़ने के बाद नीतीश और तेजस्वीर की ये पहली तस्वीर थी। जिसमें वो साथ नजर आए।

तेजस्वी यादव

बिहार के नए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव वैसे तो पहले विपक्ष के नेता थे तो, बीजेपी पर हमलावर थे ही, अब क्योंकि जेडीयू के साथ गठबंधन हो गया है तो जेडीयू को छोड़कर सिर्फ बीजेपी पर ही हमला कर रहे हैं। तेजस्वी यादव गठबंधन टूटने के बाद बता रहे हैं कि किस तरह से बीजेपी वाले नेता नीतीश कुमार का अपमान करते थे और नीतीश कुमार ने बीजेपी को छोड़कर एक साहसिक फैसला लिया है। तेजस्वी यादव ने पटना में तो बीजेपी पर हमला किया ही, दिल्ली में भी जाकर मीडिया के सामने तेजस्वी यादव ने बताया कि किस तरह से बीजेपी बिहार का बुरा हाल कर रही है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.