बांका के किसानों के लिए थोड़ी राहत की खबर है। मौसम की बेरुखी से धान रोपनी पूरी तरह प्रभावित है। हालांकि नहर में पानी छोड़े जाने से किसानों में थोड़ी आस जगी है। खासकर बांका और बाराहाट के किसानों को इसका सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। नहर के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचने लगा है। कुछ किसानों ने धान की रोपनी भी शुरू कर दी है।
दरअसल, मौसम की बेरुखी के कारण इस बार जिले में अब तक महज 15 फीसद धान की रोपनी हुई है। रजौन, धोरैया, शंभूगंज और अमरपुर का इलाका धान की खेती के लिए मशहूर है। यहां पर बड़े पैमाने पर धान की खेती की जाती है। लेकिन बारिश नहीं होने से इन प्रखंडों में ज्यादातर किसानों ने धान की रोपनी शुरू नहीं की है।
जिला सांख्यिकी विभाग के आंकड़ों पर अगर गौर करें तो 20 साल बाद यह मौका आया है जब जुलाई में सबसे कम बारिश हुई है। इस साल जुलाई में महज 93 एमएम बारिश हुई है, जबकि हर साल औसतन 200 एमएम से अधिक बारिश हुआ करती है।
ऐसे में किसानों के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने किसानों को हर संभव मदद के लिए तैयारी शुरू कर दिया है। लघु सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि सभी सरकारी नलकूप को तुरंत चालू किया जाए। इससे किसानों को खेतों का पटवन करने में थोड़ी राहत होगी।



Comment here