सीतामढ़ी | भारतीय क्षेत्र में ड्रग्स का इस्तेमाल करने बड़ी संख्या में नेपाली युवक पहुंच रहे हैं। ड्रग्स भारत के साथ नेपाल में भी प्रतिबंधित है। पर, नेपाल की अपेक्षा सोनबरसा समेत सीमाई इलाकों में ड्रग्स आसानी से मिल जाता है। नेपाल में चोरी-छुपे और महंगे मिलने वाली सूई तुलनात्मक रूप से भारतीय क्षेत्र में सस्ते दामों में उपलब्ध हो जाते हैं। इस कारण बड़ी संख्या में नेपाली युवक खुली सीमा का लाभ उठाकर रोज सोनबरसा के कई इलाकों में पहुंचते हैं और ड्रग्स का इस्तेमाल कर लौट जाते हैं। खतरनाक स्थिति यह भी है कि इन नेपाली युवाओं के देख स्थानीय युवा भी ड्रग्स के आदी हो रहे हैं। दवा दुकानदार इसका फायदा उठाते हैं। नशा के लिए कई ड्रग एडिक्ट फोर्टबीन और टीडीजेसिफ नामक इंजेक्शन का इस्तेमाल करते हैं।
डाईजिपाम, फेनारगन, न्यूफिन ये अलग-अलग ड्रग्स के इंजेक्शन हैं। इसे साधारण व्यक्ति यूज़ करे तो तुरंत उसे नींद आ जाएगी। जबकि ड्रग एडिक्ट इन तीनों इंजेक्शन का एक सेट बनाते हैं। पैर-हाथ के अलावा शरीर के अन्य नसों में ये इसका इंजेक्शन लेते हैं। सोनबरसा में इसका मूल्य सेट में लगभग 60 रुपए है, पर इसकी बिक्री 400-1500 रुपए तक में की जा रही है। टेजोबिन नाम का इंजेक्शन 20 रुपए में मिलता है, जबकि नेपाली युवा 300-700 रुपए तक में खरीदते हैं। वहीं नेपाल के मलंगवा, सर्राही या सीमाई क्षेत्र में तीनों ड्रग्स को मिलाकर बनाए गए सेट का दाम दो हजार से पांच हजार रुपए तक और टेजोबिन का दाम एक हजार से तीन हजार रुपये तक है।
बॉर्डर से सटे हनुमान चाैक के पास भास्कर के रिपाेर्टर ने ग्राहक बन ड्रग्स विक्रेता से की बात
ग्राहक : की हाल है भाई जी? विक्रेता : ठीक है। ग्राहक : बिजनेस के हाल? ग्राहक : मंदी कहां हैं? हमरो मन है कि यही धंधा करते। विक्रेता : कौन धंधा आप करना चाहते हैं? ग्राहक : यही आप वाला। विक्रेता : हमारा वाला धंधा में आप सकिएगा? जगह-जगह चेकिंग होता रहता है। माल-पानी खर्च करना पड़ता है। ग्राहक : चेकिंग होता रहता है? विक्रेता : थाना वाला आता है, कस्टम, आइबी और भी कई तरह के लोग आता रहता है। ग्राहक : सबसे पैसा लेता है? विक्रेता : तब, सब दुकानदार से लेता है। जो जितना दे दिया। सेटिंग पर डिपेंड करता है। ग्राहक : नेपाली सब आता रहता है। देखते रहते हैं न त हमरो मन किया। प्रोफिट होगा की न? विक्रेता : किजिए। करिएगा तब न पता चलेगा? ग्राहक : ऐसा न कि हम कर ले और बैठिए जाये? विक्रेता : न, बैठेगा क्या? दिन भर में दसों गो नेपाली आ गया तो निकल ही जायेगा। हजार रुपये से त उपड़े हो जायेगा। ग्राहक : दस गो में एक हजार? एको में कितना खरीदारी पड़ेगा? विक्रेता : वहीं 70-72 रुपये, बिकता है डेढ़ सौ रुपये में। ग्राहक : माल लेने के लिए कहां संपर्क करना होगा? विक्रेता : सीतामढ़ी में। ग्राहक : सोनबरसा में नहीं मिलेगा? विक्रेता : सोनबरसा में खुदरा सेल है। सीतामढ़ी जाना होगा। वहां पुनौरा में, अस्पताल रोड में मिलेगा।







Comment here