ये खबर आज सौ फीसदी सही हुई। समय के साथ परत दर परत BJP और JDU में तल्खियां बढ़ती जा रही थी। नीतीश कुमार लगातार BJP के रवैए से नाराज चल रहे थे। इसकी शुरुआत तो काफी पहले हो गई थी।
इसने जोर उस समय पकड़ा जब विधानसभा भवन के शताब्दी वर्ष समारोह के समापन समारोह में PM नरेंद्र मोदी आए थे। बिहार सरकार के खर्चे पर किए गए इस कार्यक्रम में नीतीश कुमार की फोटो कहीं नहीं लगाई गई थी। BJP कोटे से विधानसभा अध्यक्ष विजय सिंहा और नरेंद्र मोदी ही तस्वीरों में दिखे। इसी समारोह में जो पुस्तिका का लोकार्पण किया गया उसमें भी नीतीश कुमार फोटो को नहीं लगाया गया था। नीतीश कुमार इस रवैए से काफी नाराज हुए थे।
नीतीश कुमार की नाराजगी इस बात से भी लगातार रही है कि बीजेपी के मंत्री, विधायक और नेता गाहे-बगाहे उनको तीसरे नंबर की पार्टी की संज्ञा देकर यह एहसास कराते थे कि वह उनकी कृपा से मुख्यमंत्री बने हैं। बीच के दिनों में तबादले की बात को लेकर रामसूरत राय ने भी बगावत कर दी थी।
हालांकि बाद में इस मामले को सुलझा लिया गया। लेकिन नीतीश कुमार के मन में यह बात खटकती रही है। एनआरसी, जनसंख्या नियंत्रण, जातीय जनगणना, अग्निवीर जैसे मसलों पर नीतीश कुमार असमंजस की स्थिति में रहा करते थे। नीतीश कुमार ना ही केंद्र के फैसले को स्वीकार कर पा रहे थे और ना ही विरोध कर पा रहे थे।

गृह मंत्री अमित शाह ने सभी NDA शासित राज्यों के CM को तिरंगा झंडा फहराने की बैठक के लिए दिल्ली बुलाया था, लेकिन नीतीश कुमार नहीं गए थे।
अमित शाह के बुलाने पर नहीं गए दिल्ली
इसके बाद से नीतीश कुमार ने BJP से दूरी बनानी शुरु कर दी। ऐसे कई मौके आए जब नीतीश कुमार को दिल्ली जाना था लेकिन नीतीश कुमार नहीं गए। भले राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव में JDU ने NDA का समर्थन किया हो लेकिन, नीतीश कुमार की दूरी कुछ और बयां कर रही थी। पहला मौका उस समय आया जब गृह मंत्री अमित शाह ने सभी NDA शासित राज्यों के CM को तिरंगा झंडा फहराने की बैठक के लिए दिल्ली बुलाया था नीतीश कुमार नहीं गए थे।
दूसरा मौका तब आया जब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के विदाई समारोह में नीतीश कुमार को निमंत्रण दिया गया था, उनके सम्मान में भोज दिया गया था। लेकिन वो नही गए। उसी तरह नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में भी नीतीश कुमार ने अपनी दूरी बनाए रखी।
यहां तक कि BJP ने पटना में संयुक्त मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह पटना आए थे। लेकिन ऐन मौके पर नीतीश कुमार को कोरोना हो गया और वो इन दोनों नेता से नही मिले।

बिहार के CM नीतीश कुमार इस बैठक में शामिल नहीं हुए।
नीति आयोग की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे सीएम नीतीश
इस रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक होनी थी। इस बैठक में नियम के मुताबिक मुख्यमंत्री को शामिल होना होता है। लेकिन बिहार के CM नीतीश कुमार इस बैठक में शामिल नहीं हुए। उन्होंने अपनी तरफ से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद का नाम भेज दिया था। ऐसे में ये साफ हो गया था कि नीतीश कुमार BJP के किसी नेता से नही मिलना चाहते थे।
ताजा मामला उस समय सामने आया जब आरसीपी सिंह के ऑपरेशन के बारे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पता चला। सूत्रों के मुताबिक आरसीपी सिंह नीतीश कुमार को कमजोर करने के लिए एक ऑपरेशन में लगे थे। यह पूरी बात नीतीश कुमार को पता चल गई। उसके बाद नीतीश कुमार ने पार्टी के तरफ से उन्हें शो कोज किया। अगले ही दिन आरसीपी सिंह ने इस्तीफा दे दिया। और अब स्थिति यह हुई है बिहार में एनडीए टूट चुका है। नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, कांग्रेस और लेफ्ट के साथ मिलकर सरकार बना रहे हैं।



Comment here