समस्तीपुर की बेटी इंडियन आइडल में रिजेक्शन को बर्दाश्त नहीं कर पाई। वह ऑडिशन रूम के बाहर निकलते ही रो पड़ी। अब उसका वीडियो सामने आया है।
दरअसल, विद्यापतिनगर ब्लॉक के मनियारपुर गांव निवासी विमल कुमार राय की बेटी सुप्रिया कुमारी (20) इंडियन आइडल-13 में ऑडिशन देने 17 जुलाई को गुवाहाटी गई थीं। वहां उसने 60 के दशक की फिल्म गाइड का गाना पीया तोहसे नयना लागे रे गाया, लेकिन जज ने रिजेक्ट कर दिया।
सुप्रिया ने बताया कि वह जब ऑडिशन देने पहुंची तो 10-10 लोगों की टीम बनाई गई। एक-एक कर सबने परफॉर्म किया। जज ने उसका भी गाना सुना। उससे एक और गाने को गंवाया। फिर परिजनों के बारे में भी पूछा और जाने के लिए कह दिया।

सुप्रिया इंडियन आइडल-13 के ग्राउंड ऑडिशन के लिए 17 जुलाई को गुवाहाटी गई थीं।
‘बिना गलतियां बताए बाहर कर दिया’
जब वह बाहर आ गई तो उसके सहित कई चेस्ट नंबर वाले प्रतियोगिओं का नंबर लेकर अनाउंस किया गया कि आप घर जा सकते हैं। उस वक्त कुछ समझ नहीं आ रहा था। इस बात की निराशा है कि बिना गलतियों के बारे में बताए बाहर कर दिया गया।
कक्षा 2 से गाना शुरू किया
सुप्रिया ने बताया कि मां ने उसे यह गाना सिखाया था। वह ग्रेजुएशन के पार्ट-2 में इकोनॉमिक्स की छात्रा है। गाना को लेकर सुप्रिया ने बताया कि कक्षा 2 में उसने स्कूल में एक आरती गाई। इस प्रतियोगिता में वह प्रथम रही। सभी लोगों ने उसका खूब मनोबल बढ़ाया। लोग उसे कहने लगे की आवाज में भगवान का आशीर्वाद मिला है। वह भी ऐसा ही मानती हैं। भगवान की भक्ति की तरह हर सुबह उठकर रोज रियाज भी करती है।
हार नहीं मानेगी
साथ ही साथ अपनी पढ़ाई भी कर रही है। सुप्रिया के पिता किसान हैं। पहले परिवार सुप्रिया को गाने के लिए उतना सपोर्ट नहीं करता था, लेकिन इसके जुनून को देखते हुए परिवार ने अब सपोर्ट करना शुरू कर दिया है। उसका कहना है कि वह हार नहीं मानेगी फिर दोबारा जरूर कोशिश करेगी।







Comment here