सीवान के महाराजगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में ऑन ड्यूटी सोते हुए एक महिला डॉक्टर का वीडियो सामने आया है। वीडियो शनिवार की दोपहर करीब 12:00 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार उस वक्त बाहर में डॉक्टर से मिलने के इंतजार में कई मरीज बैठे थे। इधर चिकित्सक मीनू शांडिल्य अपने कार्यालय कक्ष में आराम से नींद फरमा रही थी।
महिला चिकित्सक जनरल फिजिशियन हैं। महाराजगंज PHC में शनिवार, रविवार और सोमवार को 3 दिनों तक लगातार उनकी ड्यूटी है। सोते हुए वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधक में हड़कंप मच गया है। तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार चिकित्सकों को गरीब-लाचार लोगों के इलाज के लिए पैसा देती है। लेकिन चिकित्सक अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात होने के बावजूद भी आराम से नींद फरमाते हैं। इस तरह की व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए।

डॉक्टर के चैंबर के बाहर बैठे मरीज।
क्या कहते हैं सिविल सर्जन
सीवान के सिविल सर्जन डॉ यदुवंश कुमार शर्मा ने बताया कि अभी मुझे कोई जानकारी नहीं है। वीडियो सामने आया है। उसकी पुष्टि कर रहे हैं। महिला चिकित्सक से स्पष्टीकरण की मांग की जाएगी। मामला गंभीर प्रतीत होता है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
वहीं मामले में डॉक्टर मीनू शांडिल्य ने बताया कि थोड़ी सी तबीयत खराब लग रही थी, जिसकी वजह से मैं टेबल पर सिर रखकर आराम कर रही थी। मेरे ऊपर लग रहे आरोप बेबुनियाद हैं।






Comment here