शहर के लिए लाइफलाइन कई योजनाएं वर्षों से अधर में हैं। इन विकास याेजनाओं काे पूरा कराने के लिए प्रत्येक माह जिला प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की विशेष बैठक हाेती है। सभी बैठकों में डीएम शहर के अखाड़ाघाट-जीरोमाइल रोड के चाैड़ीकरण, नाला निर्माण कार्य, बूढ़ी गंडक नदी पर लकड़ीढाई में बने आरसीसी पुल के एप्रोच पथ के लिए राशि के आवंटन के संबंध में जानकारी मांगते हैं। वहीं, संबंधित इंजीनियरों काे याेजनाओं काे जल्द पूरा करने का निर्देश देते हैं।null
लेकिन, विभागीय इंजीनियर हर बार एक जैसा ही रटारटाया जवाब देते हैं- इसके लिए विभाग काे प्रस्ताव भेजा गया है। योजना की स्वीकृति के साथ आंवटन का इंतजार है। लेकिन, अगली बैठक में भी फिर से वहीं आदेश संबंधित विभाग के अभियंताओं काे दिया जाता है। पिछले एक साल में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठकों में एक दर्जन बार इन योजनाओं की समीक्षा हुई। इन बैठकों में डीएम ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी मांगी तो हर बार एक सा जवाब मिला।
जिले में एक दर्जन से अधिक योजनाएं भू-अर्जन अथवा फंड की कमी से हैं अधूरी
एनएच 77-बायपास (हाजीपुर-मुजफ्फरपुर खंड) { एनएच-527 सी (मझौली-चाेरौत) पथ {एनटीपीसी कांटी के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया {सिकंदरपुर मन होते हुए लक्ष्मी चौक तक (मरीन ड्राइव) सड़क निर्माण {शहर की सड़कों से अनुपयोगी बिजली-टेलीफोन के पोल को हटाना {अखाड़ाघाट-जीरोमाइल रोड के चाैड़ीकरण व नाला निर्माण कार्य {बूढ़ी गंडक नदी पर लकड़ीढाई में बने आरसीसी पुल के एप्रोच पथ {मोतीपुर-बरूराज पथ, राजेपुर-करचौलिया पथ, मीनापुर-टेंगराहा पथ के भू-अर्जन की प्रक्रिया
इस बार भी वही आदेश : एनएच-77 बायपास व एनएच-527सी के निर्माण की होती है समीक्षा
19 जुलाई काे डीएम प्रणव कुमार की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। इसमें पूर्व की तरह ही मोतीपुर-बरूराज पथ, राजेपुर-करचौलिया पथ, मीनापुर-टेंगराहा पथ के भू-अर्जन के साथ ही सिकंदरपुर मन होते हुए लक्ष्मी चौक पर (मरीन ड्राइव) सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया। इसी प्रकार शहर की सड़कों से अनुपयोगी खंबों को हटाने, एनएच 77-बायपास व एनएच-527 सी पथ का जल्द निर्माण करने का निर्देश दिया गया।
लंबित विकासात्मक योजनाओं को स-समय क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। लंबित योजनाओं को पूरा कराने के लिए डीएम ने अभियंताओं को बैठक में सख्त निर्देश दिया है।
– कमल सिंह, डीपीआरओ
बैरिया से जीरोमाइल होते हुए बखरी तक तथा सिकंदरपुर से अखाड़ाघाट तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव पिछले दो वित्तीय वर्ष से भेजा जा रहा है। डीएम ने भी अनुशंसा की है।
-अंजनी कुमार, कार्यपालक अभियंता, आरसीडी-1



Comment here