Breaking News

PM ने कहा-वजन घटाओ, तेजस्वी खेलने लगे क्रिकेट, वीडियो शेयर किया

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का घर पर क्रिकेट खेलने का वीडियो सामने आया है। इसमें वो हाफ पैंट और टी शर्ट में क्रिकेट खेलते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने पटना दौरे के दौरान मंच से उतरते वक्त तेजस्वी को पेट अंदर करने की सलाह दी थी। उनके इस वीडियो को लोग उसी से जोड़कर देख रहे हैं। ये वीडियो तेजस्वी ने रविवार शाम को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है।

तेजस्वी ने लिखा है कि जिंदगी हो या खेल, जीतने के लिए हमेशा खेलना चाहिए। जितना अधिक आप योजना बनाते हैं, उतना ही आप मैदान पर प्रदर्शन करते हैं। बहुत समय बाद बल्ले और गेंद पर हाथ आजमाने में मजा आया। यह तब अधिक संतोषजनक हो जाता है जब ड्राइवर, रसोइया, स्वीपर, माली और केयर टेकर के साथ आप खेल रहे हों। और वो आपको आउट करने के लिए उत्सुक हों।

अपने घर में स्टाफ के साथ क्रिकेट खेलते तेजस्वी यादव।

अपने घर में स्टाफ के साथ क्रिकेट खेलते तेजस्वी यादव।

इसके पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव प्रधानमंत्री के आयोजन में अपना भाषण देखकर भी ठीक से नहीं पढ़ पाए थे। तब कई शब्दों पर उनके अटकने पर सवाल उठाए गए थे। अब तेजस्वी का नया वीडियो सामने आया है जिसमें वे अपने घर पर क्रिकेट खेलते दिख रहे हैं।

बैटिंग के साथ बॉलिंग करते भी दिखे तेजस्वी

तेजस्वी यादव बैटिंग के साथ ही बॉलिंग करते भी दिखे। वे स्पिन करते नजर आए। तेजस्वी क्रिकेट के खिलाड़ी रहे हैं और वे हिंदी से बढ़िया अंग्रेजी बोलते हैं। वे आईपीएल के सीजन 2008, 2009, 2011 और 2012 में दिल्ली कैपिटल्स यानी दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाड़ी रहे। वे अंडर-15 में दिल्ली की स्टेट टीम के कैप्टन भी रह चुके हैं। तेजस्वी एक प्रथम श्रेणी (फर्स्ट क्लास) मैच खेलने में कामयाब रहे थे। उन्हें यह मौका झारखंड टीम में 2009 में मिला था। तेजस्वी क्रिकेट का कैरियर छोड़ कर राजनीति में आ गए।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को अपने सभी बच्चे-बच्चियों में सबसे अधिक संभावना तेजस्वी में ही देखते हैं, यही कारण है कि तेजस्वी पहली बार में विधानसभा का चुनाव जीते और उपमुख्यमंत्री हो गए थे। वे विधानसभा चुनाव 2020 में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा थे। अभी वे नेता प्रतिपक्ष हैं। उनके नेतृत्व में राजद को विधान सभा चुनाव 2020 में सबसे अधिक 75 सीटें आईं। अभी उनकी पार्टी में 80 विधायक हैं और राजद सबसे बड़ी पार्टी है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.