देवघर में मुसलमान एक अदद कब्रिस्तान मांग रहे हैं। चिंता मय्यत पर दो गज जमीन की है। घर के आंगन में मिट्टी की मजबूरी का हवाला देकर लोग सरकार से कब्रिस्तान के लिए जमीन मांग रहे हैं। देवघर एयरपोर्ट में कब्रिस्तान की जमीन जाने के बाद देवघर के सल्लू राय डीह के लोगों को मय्यत के बाद मिट्टी की चिंता है। दूसरे गांव में दफनाने नहीं दिया जाएगा और अपने गांव में जमीन ही नहीं है। मुश्किल में फंसे लोगों ने देवघर के डीसी के साथ झारखंड सरकार से गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई है।
कब्रिस्तान और ईदगाह निगल गया एयरपोर्ट
देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर एयरपोर्ट बनाया गया है। एयरपोर्ट बनाने के लिए सरकार ने जमीन का अधिग्रहण किया जिसमें आस पास रह रहे लोगों की जमीन भी एक्वायर हो गई। एयरपोर्ट के पास मुसलमानों की बस्ती सल्लू राय डीह है। एयरपोर्ट बनाने में इस डीह के लोगों की घर और जमीनों को भी अधिग्रहण हो गया।
एयरपोर्ट बनाने में डीह का कब्रिस्तान भी चला और ईद की नमाज पढ़ने वाली ईदगाह भी चली गई। अब इस डीह पर रहने वालों की बढ़ गई है। वह समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या करें। पहले बोला गया एक एक जमीन का हिसाब किया गया जाएगा, घरों के लिए तो सरकार ने मुआवजा दे दिया लेकिन न तो कब्रिस्तान दिया और न ही ईदगाह ही जमीन दी है।

देवघर का हवाई अड्डा। इसके निर्माण के लिए कब्रिस्तान की जमीन ले ली गई।
कब्रिस्तान की जमीन मिलने तक नहीं हो मैय्यत
सल्लू राय डीह के लोग ऊपर वाले से यही मना रहे हैं कि कब्रिस्तान मिलने तक गांव में किसी की मय्यत नहीं हो। अगर ऐसा होता है तो वह परेशान हो जाएगे। मिट्टी कहां दी जाएगी कुछ समझ में नहीं आ रहा है। गांव वालों का कहना है कि समस्या है कि दूसरे गांव का कब्रिस्तान भी 5 किलो मीटर दूर है और दूसरे गांव के कब्रिस्तान में लोग दफनाने भी नहीं देते हैं।
एक गांव के लोगों का दूसरे गांव के कब्रिस्तान में मिट्टी देने का विरोध होता है, ऐसे में समस्या यह है कि कैसे किसी की मैय्यत के बाद मिट्टी देने का काम किया जाएगा। लोगों का कहना है कि अगर सरकार जमीन नहीं देती है और इस बीच कोई मैय्यत होती है तो वह मुश्किल में पड़ जाएंगे। घर के आंगन में ही शरीर को मिट्टी देने की मजबूरी हो जाएगी।
मेरी भी सुन लो सरकार
देवघर के सल्लू राय डीह के मोहम्मद आजाद का कहना है कि डीह का हर इंसान सरकार से और जिला प्रशासन से कब्रिस्तान मांग रहा है। आलम यह है कि किसी का इंतकाल हो गया है तो घर में ही शव को दफनाना होगा। कोई रास्ता नहीं दिख रहा है। मुबारक भी सरकार से कब्रिस्तान मांग रहे हैं। उनका भी कहना है कि कब्रिस्तान नहीं मिला तो घर में शव को मिट्टी देनी पड़ेगी। काफी परेशानी है, एयरपोर्ट बनने से घर के आस पास नीचा हो गया है, इससे पानी का जमाव भी हो रहा है। इस कारण से जीते जी भी नरक की स्थिति है और मरने के बाद भी नरकीय स्थिति होगी।
गांव के ही हकीम अंसारी का कहना है कि सरकार से कब्रिस्तान मांग रहे हैं। गांव के मोहरत और सोहराती के साथ अन्य लोगों का कहना है कि समस्या विकट है। डीसी से कई बार मांग की गई और सरकार से भी मांग की गई लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पूरे डीह के लोग सरकार से बार बार मांग कर रहे हैं कि उन्हें इस नरक और चिंता से बाहर निकाला जाए लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब गांव के लोग मोदी के आगमन पर अपनी आवाज उन तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं।
डीएम से सवाल पर ब्लाक किया नंबर
कब्रिस्तान का मामला गंभीर है, लेकिन प्रशासन चुप्पी साध रखा है। सल्लू राय डीह के लोग बार बार डीएम से मांग कर रहे हैं, लेकिन वह गंभीर नहीं है। दैनिक भास्कर ने इस मामले को लेकर जब डीएम से सवाल किया तो उनका कोई जवाब नहीं आया। देवघर के डीएम मंजूनाथ भजानत्री के सरकारी मोबाइल नंबर 9471524904 लगातार कॉल किया गया और टेक्स्ट मैसेज किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। डीएम के नंबर पर हर 10 जुलाई से हर दिन इस मुद्दे पर उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। मैसेज और कॉल कर सवाल का जवाब नहीं देने के लिए डीएम ने 11 जुलाई को जिस नंबर से सवाल किया गया उसे ब्लॉक कर दिया है।



Comment here