प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा भवन शताब्दी स्मृति स्तंभ के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंगलवार 12 जुलाई को पटना में रहेंगे। उनके आगमन को लेकर उस दिन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। मंगलवार की शाम 4 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक 10 मार्गाें पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि आपातकालीन वाहनों पर यह नियम लागू नहीं होगा।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा की कमान शनिवार से ही एसपीजी ने संभाल ली है। इसके साथ ही एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक 250 मजिस्ट्रेट, 250 पुलिस अधिकारी और 1000 से ज्यादा जवानों की तैनाती होगी। जिन रास्तों से प्रधानमंत्री का काफिला गुजरेगा उन रास्तों की ऊंची इमारतों पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस दक्ष जवान तैनात किए जाएंगे। इस दौरान विमानों का उड़ान भी प्रतिबंधित रहेगा।
पटना|प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना आगमन काे लेकर 12 जुलाई को चिड़ियाघर और ईको पार्क दर्शकों के लिए बंद रहेंगे। उस दिन मॉर्निंग वाॅक पर भी राेक रहेगी। सिर्फ कर्मचारी प्रवेश कर सकते हैं। 13 जुलाई को सामान्य दिनों की तरह जू और पार्क निर्धारित समय पर दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा।
इन मार्गों पर वाहनों का परिचालन रहेगा प्रतिबंधित
- आर ब्लॉक आरओबी के ऊपर से हार्डिंग रोड की ओर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। ये सभी वाहन वीरचंद पटेल पथ होते आयकर गोलंबर से बेली रोड होते पश्चिम की ओर जा सकेंगे।
- भिखारी ठाकुर पुल के ऊपर से हार्डिंग रोड में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन मीठापुर ओवरब्रिज के ऊपर से गर्दनीबाग/मीठापुर सब्जीमंडी की ओर जा सकते हैं।
- आर ब्लॉक से हार्डिंग रोड में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
ये वाहन आर ब्लॉक चौराहे से अटल पथ की ओर जा सकते हैं।
- मैंगल्स रोड में सप्तमूर्ति गोलंबर से दारोगा राय स्मारक की तरफ वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।
- दारोगा राय स्मारक से मैंगल्स रोड और ईको पार्क की ओर वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।
- आईपीएस मेस मोड़ से राजेंद्र चौक की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं हाेगा।
- माल रोड में 15 नंबर पुल के नीचे से सचिवालय गेट नंबर एक की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
- 15 नंबर पुल के ऊपर से हार्डिंग रोड में वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन सीधे पूरब गर्दनीबाग की ओर से और पश्चिम में चितकोहरा-अनीसाबाद की ओर जा सकते हैं।
- चितकोहरा पुल के नीचे से हज भवन/हार्डिंग रोड में वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।
- कार्यक्रम समाप्ति के बाद जिन वाहनों को हवाई अड्डा जाना होगा वो डुमरा टीओपी से राइडिंग रोड होते जा सकते हैं।







Comment here