Breaking News

नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी होगा:आवास बोर्ड की जमीन पर मकान बनाने वालों को रोकेगा टास्क फोर्स

राजीवनगर इलाके में खाली जमीन पर मकान बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा टास्क फोर्स गठित करने की तैयारी चल रही है। इसमें जिला प्रशासन, पुलिस और आवास बोर्ड के अधिकारी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी होगा, जिसपर लोग शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

शिकायत पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई होगी। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि दीघा की 1024.52 एकड़ जमीन पर अवैध निर्माण कार्य करने वालों पर कार्रवाई होगी। अभी आशियाना-दीघा रोड के पूरब और पश्चिम दर्जनों मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। सीआईडी रिपोर्ट के मुताबिक 50 से अधिक मकानों का निर्माण कार्य जारी है। डीएम ने कहा कि इन मकानों का निर्माण कराने वालों के साथ जमीन की खरीद-बिक्री में शामिल भू-माफियाओं और दलालों को चिह्नित करके प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

संघर्ष समिति पर भी होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने आशियाना-दीघा रोड के पश्चिम नेपाली नगर इलाके में हंगामा व विरोध प्रदर्शन का असली गुनहगार दीघा कृषि भूमि आवास बचाओ संघर्ष समिति को मान रही है। डीएम ने कहा कि संघर्ष समिति का निबंधन नहीं है। गैरकानूनी तरीके से संघर्ष समिति द्वारा लोगों से चंदा वसूली की जा रही है। समिति के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह पर केस दर्ज किया गया है। इसके सदस्यों की कार्यशैली की जांच चल रही है।

समिति द्वारा लाेगों को सीओ के समक्ष पक्ष रखने से रोका गया। साथ ही विरोध करने के लिए उकसाया गया। आशियाना-दीघा रोड के पश्चिम 400 एकड़ इलाके में तीन गृह निर्माण समितियां सक्रिय हैं। इनमें सहकारी गृह निर्माण समिति निराला, जयप्रकाश और ललित शामिल हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसमें शामिल अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सीसीए लगाए जाएगा।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.