समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया है. गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में साधना गुप्ता ने शनिवार दोपहर को अंतिम सांस ली. वह फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थीं. मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. कुछ देर पहले ही पति मुलायम सिंह भी उन्हें देखने पहुंचे थे. दरअसल साधना गुप्ता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थी. वह बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव की सास और प्रतीक यादव की मां थीं.
बताया जा रहा है कि साधना गुप्ता फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थीं. वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं और उन्हें हाल ही में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए साधना गुप्ता को आईसीयू में रखा गया था. शनिवार सुबह से ही उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी. आखिर में दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली. मिली जानकारी के अनुसार मुलायम सिंह की पत्नी साधना गुप्ता का पार्थिव शरीर पहले दिल्ली और फिर उसके बाद सैफई ले जाया जाएगा. मुलायम सिंह यादव अभी दिल्ली में हैं. वहीं अखिलेश यादव भी लखनऊ से रवाना हो गए हैं.




उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुलायम सिंह यादव की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला, प्रभु पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में जगह दे. आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दे! ॐ शांति शांति शांति.
बता दें कि मुलायम सिंह की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का साल 2003 में निधन हो गया था. जिसके कुछ दिन बाद मुलायम सिंह ने खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की साधना यादव सौतेली मां हैं. साधना गुप्ता के अपने बेटे का नाम प्रतीक यादव है और उन्होंने अपर्णा यादव से शादी की है. अपर्णा इस समय भाजपा की नेता हैं. साधना गुप्ता राजनीतिक चकाचौंध से अक्सर दूर ही रहती थीं.



Comment here