Breaking News

पूर्व मंत्री के निधन से शोक, रात तक होगा दाह-संस्कार:नरेंद्र सिंह ने 50 साल की राजनीति,

साल 1970 से सक्रिय रूप से राजनीति में रहने वाले और बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके नरेंद्र सिंह का निधन सोमवार को पटना के एक निजी नर्सिंग होम में हो गया है। जमुई जिले के रहने वाले पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह, लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार की सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं। नरेंद्र सिंह के निधन पर जमुई जिले में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार मंत्री नरेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास खैरा प्रखंड अंतर्गत पकरी गांव में देर शाम लाया जाएगा। जहां उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और शुभचिंतकों के लिए रखा जाएगा और आज रात दाह संस्कार की बात कही जा रही है।

पटना के निजी अस्पताल में इलाजरत पूर्व मंत्री से मुलाकात करते नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव।- फाइल फोटो

पटना के निजी अस्पताल में इलाजरत पूर्व मंत्री से मुलाकात करते नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव।- फाइल फोटो

पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के महासचिव पद से की शुरूआत

जमुई के खैरा इलाके के पकरी गांव के रहने वाले नरेंद्र सिंह स्वतंत्रता सेनानी श्रीकृष्ण सिंह के पुत्र थे। नरेंद्र सिंह छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़े रहे। साल 1970 में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव में नरेंद्र सिंह महासचिव पद पर चुने गए थे। बाद में वे चुनावी मैदान में उतरते हुए जमुई जिले के चकाई विधानसभा क्षेत्र से तीन बार और जमुई विधानसभा क्षेत्र से एक बार विधायक भी चुने गए। नरेंद्र सिंह लालू प्रसाद यादव की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली सरकार में कृषि मंत्री के अलावा और भी कई विभागों में मंत्री रह चुके हैं।

नरेंद्र सिंह की पहचान एक समाजवादी नेता के रूप में है। जिन्होंने कृषि मंत्री रहते हुए बिहार कृषि व्यवस्था में बहुत सारे बदलाव लाए थे जिस कारण बिहार सरकार को कृषि क्षेत्र में बेहतर करने के लिए सम्मानित भी किया गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.