सावन में बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए पहलेजा घाट से आने वाले कांवरियों के ठहरने के लिए फकुली से रामदयालु नगर तक रास्ते में पड़ते 25 स्कूलों के साथ ही शहर के कॉलेजों और 22 विवाह भवन में विशेष व्यवस्था की जा जाएगी। इसके साथ ही कांवरियों काे परेशानी से बचाने के लिए वैशाली-मुजफ्फरपुर सीमा के फकुली से ही एनएच-77 पर ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे। एनएच पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
शनिवार को पूरे कांवरिया मार्ग का निरीक्षण करते हुए दाेनाें एसडीओ व डीटीओ ने इसके संबंध में संयुक्त रूप से निर्णय लिया। वहीं, डीडीसी आशुतोष द्विवेदी ने एसडीओ पूर्वी के साथ रास्ते के साथ ही ठहराव स्थलों का जायजा लिया। श्रावणी मेले के दौरान शहरी क्षेत्र में 49 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाकर वहां दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बलाें काे तैनात किया जाएगा।
बाबा गरीबनाथ मंदिर के चाराें ओर छह सड़कों पर बैरिकेडिंग के साथ कांवरियों के प्रवेश व निकासी की अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। शहर में 12 स्थानों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। इन स्थानों पर वॉच टावर से कांवरियों की निगरानी की जाएगी।
रूट : शहर के पश्चिमी हिस्से से भगवानपुर आरओबी हाेते पटना की ओर जा सकेंगे
श्रावणी मेला के दौरान शहरी क्षेत्र में यातायात की व्यवस्था अलग रहेगी। आम लाेग दिघरा-मिठनपुरा से एनएच-28 तक जा सकेंगे। अखाड़ाघाट जाने के लिए बांध राेड से जेल चाैक हाेते हुए पक्कीसराय के रास्ते का विकल्प रहेगा। इसके अलावा गाेला बांध राेड, गांधी पुस्तकालय से राधाकृष्ण केडिया गली तथा डीएन हाईस्कूल से बनारस बैंक चाैक हाेते हुए भी अखाड़ाघाट की ओर जा सकेंगे।
शहर के पश्चिमी हिस्से से लाेग भगवानपुर आरओबी या गाेबरसही-मझाैलिया-खबड़ा हाेते हुए पटना की ओर जाएंगे। वहीं, एनएच-28 या भगवानपुर आरओबी के रास्ते रेवा राेड में जाएंगे। मंदिर के पास से सुधा डेयरी से अंडीगाेला के रास्ते सूतापट्टी से सरैयागंज टावर की ओर जाएंगे। माखनसाह चाैक से केदारनाथ राेड हाेते हुए तथा गाेला राेड से सरैयागंज टावर की ओर लोग जा सकेंगे।
व्यवस्था : आरडीएस कॉलेज में टेंट सिटी फकुली से रामदयालु तक 25 पड़ाव होंगे
फकुली से रामदयालु नगर तक रास्ते में पड़ते 25 प्राथमिक, मध्य व उच्च विद्यालयों के साथ कुढ़नी के भूप नारायण सिया देवी महाविद्यालय, तुर्की बीएड कॉलेज में कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी। शहर में आरडीएस कॉलेज में टेंट सिटी, आरबीटीएस हाेमियाे पैथिक काॅलेज, द्वारिकानाथ उच्च विद्यालय में कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बाबा गरीबनाथ मंदिर के आसपास के सुनैना विवाह भवन, शहनाई विवाह भवन,
जलसा विवाह भवन, शुभ आमंत्रण विवाह भवन, महाराजा पैलेस, आनंद हाेटल, अतिरी विवाह भवन, भीमसेरिया विवाह भवन, पार्वती विवाह भवन, महिला शिल्प कला भवन, भवानी शंकर, विद्या विवाह भवन, लजीज रेस्टूरेंट, रत्ना बैंक्वेट, किरण विवाह भवन, पाेद्दार स्मृति भवन, सत्यनारायण कॉम्प्लेक्स, मिलन विवाह भवन, राॅयल मेंशन विवाह भवन, ग्लोबल विवाह भवन, गणगौर विवाह भवन तथा विश्वेश्वर विवाह भवन में कांवरियों के ठहरने व आराम करने की व्यवस्था रहेगी।
ड्रॉप गेट पर दंडाधिकारी व पुलिस बल रहेंगे तैनात, 12 स्थानों पर होगी वीडियोग्राफी
अघाेरिया बाजार, हरिसभा, जिला स्कूल पार कर मंदिर पहुंचेंगे कांवरिए
पहलेजा से आने वाले कांवरिए रामदयालु गुमटी काे पार कर आरडीएस कॉलेज के रास्ते अघाेरिया बाजार, आमगोला ओवरब्रिज होते हरिसभा चाैक पहुंचेंगे। वहां से देवी मंदिर राेड, पानी टंकी चाैक होते जिला स्कूल में बनाए गए जिगजैग काे पार कर हाथी चाैक पहुंचेंगे। वहां से अमर टॉकिज चाैक से छाेटी कल्याणी, प्रभात सिनेमा चाैक, साहू पाेखर, बजरंग बली चाैक, माखन साह चाैक हाेते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। इस दौरान पूरे कांवरिया पथ पर रामदयालु नगर से छाता बाजार चाैक तक सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर राेक रहेगी।
पार्किंग…एलएस व आरडीएस में
श्रावणी मेले के दौरान शहर आने वाले कांवरियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था एलएस कॉलेज के साथ ही आरडीएस कॉलेज कैंपस में रहेगी। इसके अलावा इमलीचट्टी बस पड़ाव में भी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।






Leave a Reply