जिले में मंगलवार काे सुबह से ही मौसम खुशगवार रहा। जबकि देर रात से रह रहकर बूंदाबांदी भी होती रही, जो बुधवार की सुबह तक तेज बारिश में बदल गयी जो देर रात तक जारी रहा। इसे मौसम वैज्ञानिक मानसून के सक्रिय होने की बात बता रहे हैं। आसमान में बादल छाए रहने से दिनभर धूप नहीं निकली, मगर हवा की गति कम रहने से लाेगाें ने उमस का अहसास हुआ। जिले के कई प्रखंडों में मध्यम दर्जे की भी बारिश हुई। हल्की बारिश में निकले लोगों को भीगते हुए आते-जाते देखा गया। बारिश के कारण शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र में सड़कों पर कीचड़ फैल गया। नप क्षेत्र के सबसे अधिक जलजमाव बंगाली पर मोहल्ले में दिखा जहां गलियों में बने जगह-जगह गड्ढे झील में तब्दील दिखे। हालांकि बंगाली पर मोहल्ले में जलजमाव का मुद्दा रूबरू कार्यक्रम में छाया रहा, किन्तु अब तक गलियों को ठीक करने को लेकर नप प्रशासन द्वारा कोई पहल नहीं की गई। कुछ ऐसा ही नजारा लालबाग, चकदिवान मोहल्ले में भी देखने को मिला।
जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि इस दफा मानसून की पहली बारिश के करीब 10 दिन बाद बारिश होने से जहां शहरी क्षेत्रों में गर्मी से निजात मिली है तो ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों ने राहत की सांस ली है। किसान बारिश होने के साथ ही धान की खेती में जुट गए। बुधवार को सुबह से शाम तक मौसम खराब रहने और हल्की बारिश से किसानों के खेतों में लगे धान के बिचड़ो में नमी मिल गयी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को अनुमानतः 19.5 एमएम बारिश हुई। बताते चलें कि बारिश के बीच उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई। बारिश के कारण बिजली व्यवस्था भी कई जगहों पर चरमरा गई। ऐसे में उमस के कारण लोग परेशान नजर आए।
आने वाले दिनों में अच्छी बारिश के आसार
आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 35.3 एवं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दरम्यान 10 से 22 किलोमीटर की रफ्तार से पूर्वी व दक्षिणी हवा चलने के आसार है। वहीं बुधवार की सुबह से रुक रुककर हो रही बारिश की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाले वाहनों पर आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ भाड़ दिखी। बिना काम की वजह से लोगों ने बाजारों तक जाने में कम दिलचस्पी दिखाई। जिसका सीधा प्रभाव बाजारों पर पड़ा। बुधवार की सूबह से दुकानदारों ने समय पर दुकान खोल दिया किन्तु ग्राहक नदारद दिखे। सड़क किनारों ठेलों पर फल व सब्जियों की दुकान सजी हुई थी परंतु सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ था।
किसानों ने जताई खुशी
बारिश न होने से जहां किसान अपने घरों में मायूस बैठे थे। बुधवार को बारिश होने किसानों के चेहरे पर के खुशी साफ झलक रही है। जिले के किसान संगीन प्रसाद, भूमि सिंह, रवि सिंह आदि ने बताया कि बुधवार की बारिश की बूंदे किसानों के खेतों में अमृत बनकर बरसे हैं। जिससे किसानों के खेतों में लगे धान के बिचड़ों में एक नई जान फूंक दी है। किसान धान के बिचड़ों का पटवन कर रहे थे। लेकिन तेज धूप व गर्मी की वजह वजह से पौधों की पत्तियों में पीलापन पड़ने लगा था। आज की बारिश से पौधों को बारिश से न सिर्फ नमी मिली है बल्कि तापमान में कमी होने से उनमें वृद्धि भी ज्यादा होगी। जिससे किसान समय से अपने धान की रोपाई कर सकेंगे।
पानापुर में सड़क निर्माण में देरी होने से इस बार भी बाढ़ से झेलनी पड़ सकती है फजीहत
प्रखंड के पानापुर पंचायत में इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। वहीं ग्रामीण नई सड़क निर्माण को लेकर खुशी से फूले नहीं समा रहे है, तो दूसरी तरफ सड़क निर्माण कार्य लेट लतीफी के चलते ग्रामीणों को खासी मुसीबतों का सामना करते हुए देखा जा रहा है। प्रखंड क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सा में इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें से ज्यादातर सड़क निर्माण कार्य आधी अधूरी है। अधूरे निर्माण की वजह से इसबार बरसात में ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। इस बार मानसून ने दस्तक दे दी है और बारिश शुरू है।
बारिश के दौरान सड़क निर्माण कार्य अधूरा रहने से क्षेत्र के लोगों को आने जाने में बहुत परेशानी उठानी पड़ सकती है। घाटकुसुम्भा प्रखंड के बाउंघाट से पानापुर पहुंच मार्ग एवं प्राणपुर से महम्मदपुर होते आलापुर सड़क मार्ग का निर्माण कार्य जारी है। इन रास्तों पर मोरम मेटल भी कर दिया गया है। लेकिन पानापुर गांव के पास और प्राणपुर गांव के पास मात्र पांच सौ गज सिर्फ मिट्टी डालकर हीं छोड़ दिया गया है। जहां पर सड़क निर्माण विभाग की अधिकारीयों का लापरवाह रवैया एक बार पुनः महसूस किया जा रहा है। जिससे इस बार भी इन क्षेत्र के लोगों को बरसात में फजीहत झेलनी पड़ सकती है। हालांकि इस बार पानापुर में सड़क का निर्माण किया जा रहा है जिसकी वजह से इस बार पानापुर पंचायत के लोगों को बाढ़ के समय होने वाली समस्याओं से मुक्ति तो मिलेगी लेकिन फिलहाल यातायात की समस्या बनी रहेगी।



Leave a Reply