Breaking News

नौकरी मांगने पहुंचे युवकों पर पुलिस ने चटकाई लाठी, बेल्ट्रॉन ऑफिस पहुंच एग्जाम दे चुके कैंडिडेट्स कर रहे थे प्रदर्शन और घेराव

नौकरी मांगने के लिए अलग-अलग जगहों से पटना आए युवकों पर पुलिस ने लाठियां भांजी है। पुलिस की तरफ से किए गए बल प्रयोग में नौकरी की मांग कर रहे कई युवकों को चोट आई है। एक युवक के पैर में ही काफी चोट लगी है। पुलिस की लाठी लगने से उसके पैर से खून बहने लगा। इसके अलावा भी कई युवकों को चोट लगी है। सोमवार को नौकरी मांग रहे युवकों का हंगामा, प्रदर्शन और फिर पुलिस की कार्रवाई, यह सब बेली रोड पर स्थित बेल्ट्रॉन भवन कैंपस में हुआ।

दरअसल, युवकों की मानें तो साल 2019 में डाटा इंट्री ऑपरेटर के पोस्ट के लिए बेल्ट्रॉन की तरफ से वेकैंसी आई थी। इसके लिए एग्जाम हुआ था। हजारों लोगों ने एग्जाम दिया था। उसमें 7311 कैंडिडेट्स पास हुए थे। इनमें से करीब 4 हजार कैंडिडेट्स ऐसे हैं, जिन्हें आज तक डाटा इंट्री की नौकरी नहीं मिली। हताश और परेशान होकर नौकरी की चाह रखने वाले यही युवक आज काफी संख्या में बेल्ट्रॉन के ऑफिस पहुंचे थे।

कैंपस के अंदर ही नौकरी देने की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। जिसके बाद शास्त्री नगर थाना की पुलिस को जानकारी दी गई। युवकों की सख्या को देख थाने की पुलिस ने SRAF की फोर्स को बुलवाया। इसके बाद अनाउंसमेंट कर मौजूद सभी लोगों को तत्काल कैंपस खाली करने को कहा। मगर, ऐसा नहीं होता देख कुछ देर बाद ही पुलिस ने लाठियां चटकानी शुरू कर दी। जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। भागने के चक्कर में कई लोग गिर गए। अब तक 7 युवकों को पुलिस ने अपने कस्टडी में लिया है और उन्हें थाना पर फिलहाल डिटेन किया गया है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.