Breaking News

सोनिया गांधी को गंगाराम अस्पताल में किया गया भर्ती

नई दिल्ली. कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया है. उन्हें पिछले दिनों कोरोना हुआ था. इस बात की जानकारी कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दी है. उनके मुताबिक सोनिया की हालत स्थिर है और उन्हें अस्पताल में निगरानी के लिए रखा जाएगा. अब तक दो बार उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. वो पिछले करीब 10 दिनों से बीमार हैं.

बता दें कि उन्हें 2 जून को कोरोना हुआ था. उस वक्त भी सुरजेवाला ने ही उनकी सेहत को लेकर जानकारी दी थी.  कोरोना से संक्रमति होने के बाद उन्हें हल्का बुखार था. साथ ही उनमें कोरोना के हल्के लक्षण दिख रहे थे. इसके बाद उन्होंने  खुद को आइसोलेट कर लिया था और डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था.

सुरजेवाला का ट्वीट

प्रियंका गांधी को भी हुआ था कोरोना
पिछले दिनों देश में बढ़ते कोरोना केस के बीच कांग्रेस के कई नेता वायरस की चपेट में आ गए थे. अध्यक्ष सोनिया गांधी और संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल के बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं. खुद प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी. प्रियंका को संक्रमण के हल्के लक्षण थे. उन्होंने खुद को घर पर आइसोलेट किया था.

ईडी के सामने होनी है पेशी
पिछले दिनों  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड केस से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 23 जून को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है. पहले उन्हें 8 जून को पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण उन्होंने पेशी के लिये ईडी से नई तारीख मांगी

लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना के केस
देशभर में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 8,582 नये मामले सामने आये, जिसके बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,32,22,017 पर पहुंच गयी; जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 44,513 हो गई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक केआंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में चार और मरीजों के संक्रमण से जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,24,761 पर पहुंच गई है. देश में एक्टिव मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.66 फीसदी दर्ज की गई.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.