Breaking News

48 घंटे में आयेगा मानसून, उससे पहले पारा 44 पार, हवा ने बांटा बिहार का मौसम

हवा ने बिहार के मौसम का बंटवारा कर दिया है। उत्तर बिहार में पूर्वी और दक्षिण बिहार में पश्चिमी हवा का असर दिख रहा है। पूर्वी हवा से जहां उत्तर बिहार के 19 जिलों में राहत है, वहीं दक्षिण बिहार में पश्चिमी हवा की गर्मी से आफत है। मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार में 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान के 44 डिग्री के पार होने का पूर्वानुमान जताया है जबकि उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी है। आइए जानते हैं, हवा ने बिहार को कैसे दो हिस्सों में बांट दिया है।

पूर्वी और पश्चिमी हवा में बंटा बिहार

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बिहार में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी जबकि दक्षिण बिहार में पछुआ और दक्षिण पछुआ हवा का प्रवाह हो रहा है। आधा बिहार पूर्वी तो आधा बिहार पश्चिमी हवा के प्रभाव में है। इस कारण से उत्तर बिहार के 19 जिलों में दक्षिण बिहार की अपेक्षा काफी राहत है। इन 19 जिलों में बारिश या फिर आसपास के जिलों में बारिश से थोड़ी राहत महसूस की जा रही है, लेकिन दक्षिण बिहार में पारा आसमान से आग बरसाने जैसा ही है। यहां हर दिन तापमान बढ़ रहा है। लगातार 48 घंटे तक तापमान में कुछ न कुछ बढ़ोत्तरी हुई है। मौसम विभाग भी दक्षिण बिहार में गर्मी को लेकर हर दिन चेतावनी दे रहा है।

बिहार में हवा का प्रभाव देखिए

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह जारी है। इसके साथ ही पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा दक्षिण उत्तर प्रदेश से असम तक बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रही है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले में एक या एक से अधिक स्थानों पर गरज व चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।

वहीं अररिया और किशनगंज में भारी बारिश को लेकर अलर्ट किया गया है। उत्तर बिहार के बाकी इलाकों का मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं राज्य के दक्षिण हिस्सा में पछुआ एवं दक्षिण पछुआ हवा का प्रवाह हो रहा है। इस कारण से इस क्षेत्र के अधिकांश जिलों का मौसम आम तौर पर शुष्क एवं तापमान खासकर दक्षिण पश्चिम भाग में 42 से 44 डिग्री के आस पास होने की संभावना है।

24 घंटे में नहीं होगा कोई परिवर्तन

मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे तक राज्य के अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं दिखाई देगा इसके बाद कमी आ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी मानसून आने तक मौसम ऐसे ही दो तरह का बना रहेगा।

राज्य में 24 घंटे के दौरान जहां उत्तर पूर्वी भाग के कुछ स्थानों पर उत्तर मध्य भाग के एक या दो स्थानों पर हल्के से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि राज्य के शेष भागों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस बक्सर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के दक्षिण इलाकों में मासनून आने तक गर्मी का प्रभाव ऐसे ही बढ़ता रहेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.