20 साल का मणिकांत कुमार बहुत शातिर शराब तस्कर निकला। पुलिस इसे गिरफ्तार कर जेल भेजती है। मगर, अपने जुगाड़ और सेटिंग-गेटिंग के खेल के जरिए बहुत कम समय में जमानत हासिल कर लेता है। ऐसा नहीं है कि जेल से बाहर आने के बाद यह सुधर जाता है। बल्कि, वापस से शराब के धंधे में जुट जाता है। एक बार फिर से पटना में पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने शराब तस्कर मणिकांत को उसके तीन साथियों के साथ पकड़ा है।
जो ब्रांडेड शराब से भरी हुई बोतल को लेकर किसी कस्टमर के पास होम डिलीवरी के लिए जा रहे थे। पत्रकार नगर के थानेदार मनोरंजन भारती के अनुसार 90 फीट इलाके से मणिकांत और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले 15 महीने में यह तीसरा मौका है, जब पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने मणिकांत को शराब से भरी बोतलों को ले जाते हुए रंगे हाथ पकड़ा है।
कुछ दिनों बाद ही इसे कोर्ट से जमानत मिल गई
पहली बार इसे 13 मार्च 2021 को पकड़ा गया था। तब जेल भेजा गया। मगर, कुछ दिनों बाद ही इसे कोर्ट से जमानत मिल गई। छुटकर बाहर आया और फिर से शराब मंगवाने लगा और उसकी होम डिलीवरी करने लगा। महज 3 महीने के अंदर ही 8 जून 2021 को पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने इसे दूसरी बार पकड़ा। उस वक्त भी शराब लेकर होम डिलीवरी करने जा रहा था। फिर कुछ महीने में ही इसे जमानत मिली। इसके बाद दोबारा शराब के धंधे में लग गया। गुरुवार को थानेदार ने बताया कि अब मणिकांत तीसरी बार पकड़ा गया है। ये पटना जिले में ही बेलछी इलाके का रहने वाला है। जबकि, उसका साथी विश्वजीत कुमार तिवारी दूसरी बार गिरफ्तार हुआ है। इन दोनों के साथ ही नालंदा का आशू और अविनाश कुमार को भी पकड़ा गया है।
शराब की खेप दिल्ली के रास्ते बस से पटना मंगवाता है
हरियाणा से यह सीधे तौर पर शराब मंगाता है। इसके शराब की खेप दिल्ली के रास्ते बस से पटना मंगवाता है। रामकृष्णा नगर इलाके में इसने किराए पर घर ले रखा है। वहीं, पर मणिकांत शराब की खेप को स्टॉक करता है। फिर डिमांड के अनुसार कस्टमर्स के ठिकानों पर डिलीवरी करता है। मणिकांत के पास से आईफोन और उसके साथियों के पास से मिले मोबाइल के जरिए महज 7 दिनों के अंदर 1 लाख से अधिक रुपयों के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए जाने का सबूत हाथ लगा है। बड़ी बात यह है कि जब भी मणिकांत पकड़ा गया, तब वो बाइक से था। जिन्हें जब्त किया गया। जांच के दरम्यान तीनों ही बाइक चोरी की मिली। गिरफ्तार शराब के चारों धंधेबाजों को जेल भेज दिया गया है। इनके कनेक्शन को खंगाला जा रहा है।



Leave a Reply