Breaking News

मुंगेर में महिला को 4 दिन कमरे में बंदकर मारपीट, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के तोपखाना बाजार निवासी मो. महबूब आलम की 20 वर्षीय शादीशुदा पुत्री शाहिन खातुन को उसके परिजनों द्वारा रविवार की देर शाम बदहवास हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां घायल महिला ने अपने ससुराल वालों पर दहेज को लेकर लेकर प्रताड़ित किए जाने और इसी के कारण पिछले चार दिनों से कमरे में बंद कर रखने का आरोप लगाया है। हलांकि परिजनों के अनुसार इसे लेकर उनके द्वारा सुल्तानगंज थाने में आवेदन देकर ससुराल वालों के विरूद्ध शिकायत दर्ज करायी गयी है।

अस्पताल में इलाजरत बदहवास शाहिन खातुन ने बताया कि उसका विवाह 15 मार्च 2019 को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज निवासी मो. शकील के साथ हुई थी। जो प्राइवेट वाहन चालक है। शादी के समय उसके पिता मो. महबूब आलम द्वारा 5 लाख रूपये नगद और जेवर दहेज दिया गया था लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उसका पति और ससुराल वाले उसपर कभी 2 लाख तो कभी 50 हजार रूपये पिता से मांग कर लाने का दवाब बनाया जाने लगा।जबकि मना करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

इसी बीच एक सप्ताह पहले भी उसके पति और ससुराल वालों द्वारा 1 लाख रूपये दहेज लाने को कहा गया. जब उसने मना किया तो उनलोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे एक कमरे में बंद कर दिया. जहां वह पिछले चार दिनों से बंद थी। किसी प्रकार उसने इसकी जानकारी अपने घरवालों को दी. जिसके बाद उसका भाई उसके ससुराल पहुंचा और उसे किसी प्रकार लेकर रविवार को घर आया. शाहिन खातुन ने बताया कि दहेज को लेकर उसका ससुर मो. इकराम उर्फ कारू, सास, ननद रूही, डॉली, देवर अन्नु, सिंटर उसके पति के साथ मिलकर उसे कमरे में बंद कर दिया था।जहां उसे खाना-पीना तक नहीं दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.