शराबबंदी वाले बिहार में शराब के लिए अपराधियों ने शख्स को गोलियों से भून दिया। अपराधियों ने शराब बेचने वाले का विरोध करने वाले को 10 गोलियां मारी, जिसमें से 7 उसे लगी। मामला मधेपुरा के मुरलीगंज थाना इलाके के परमानंदपुर गांव का है। जहां रविवार देर रात अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया।
अपराधियों ने चार लोगों की गोली मार दी। इसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोगों की हालत गंभीर है। मरने वालों में गोली चलाने वाले अपराधी का एक सगा भाई भी था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों की लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, आपसी वर्चस्व में गोलीबारी की बात सामने आ रही है। घायल का इलाज चल रहा है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतकों की पहचान मनीष कुमार (32) और अरुण यादव (45) के रूप में हुई। दोनों परमानंदपुर के ही निवासी थे। वहीं घायलों की पहचान सूधो यादव (44) और गणेश यादव (50) के रूप में हुई।

घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन।
ग्रामीणों की माने तो 8-10 की संख्या में ये अपराधी देर रात से ही गांव में अलग-अलग जगहों पर फायरिंग कर रहे थे। लेकिन लोग नजर अंदाज करते रहे। देर रात करीब 11-12 बजे के बीच इन लोगों ने सबसे पहले मनीष कुमार को घेरकर उसके ऊपर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। उस पर 10 गोलियां दागी गई। इसमें से सात उसके शरीर में लगी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच गांव में हो रही इस घटना पर ग्रामीणों ने निकल कर विरोध शुरू किया।

बरामद खोखा।
वारदात में अपराधी के सगे भाई की भी मौत
इस पर अपराधियों ने रोकने वाले ग्रामीणों पर भी गोली चलाना शुरू कर दिया। मनीष की मौत मौके पर हो गई। बचाने आए तीन लोगों को भी गोली लगी। इसमें एक घटना में शामिल अपराधी का भाई अरुण यादव (45) भी थे जो बचाने के लिए गए थे। उसकी भी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में लगी भीड़।
परिजन का कहना है कि अपराधी शराब का कारोबार करता था। मनीष काफी समय से उसका विरोध कर रहा था। रविवार रात मनीष भोज खाकर घर लौट रहा था। तभी अपराधी आ गए और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं वारदात के बाद एसपी राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात को ही पुलिस फोर्स और पदाधिकारियों को स्थल पर भेजा गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।



Comment here