Breaking News

कोसी और मिथिलांचल के मिलन का गवाह बनेगा भारतीय रेल, 87 साल बाद सहरसा से निर्मली

शनिवार 7 मई को भारतीय रेल का कोसी और मिथिलांचल के मिलन का गवाह बनेगा। 87 साल बाद सहरसा से निर्मली, झंझारपुर होते हुए दरभंगा तक ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। 7 मई को स्पेशल ट्रेन का उद्घाटन रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करेंगे।

स्पेशल ट्रेन झंझारपुर से रवाना होकर तमुरिया, निर्मली, आसनपुर कुपहा, सरायगढ़, सुपौल होते सहरसा को जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रेल मंत्री ट्रेन को रवाना करेंगे। सूत्रों के अनुसार नए रूट पर उद्घाटन के बाद सहरसा-दरभंगा अप डाउन ट्रेन का परिचालन होने लगेगा। नए रूट पर ट्रेन का आवागमन शुरू होने से कोसी एवं मिथिलांचल क्षेत्र के भारी आबादी को इसका लाभ होगा। लोग कम समय और कम खर्च में सफर तय कर सकेंगे।

मालूम हो कि अभी मानसी, खगड़िया, समस्तीपुर होकर दरभंगा जाने में जानकी एक्सप्रेस ट्रेन से 5 से 6 घंटे लग जाता हैं, लेकिन इस नए रूट सरायगढ़, निर्मली, झंझारपुर से होकर एक्सप्रेस ट्रेन से दो से ढाई घंटे में दरभंगा पहुंच जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआत में अभी पैसेंजर ट्रेन ही चलेगी। बाद में एक्सप्रेस ट्रेन का भी परिचालन किया जाएगा।

मालूम हो कि वर्ष 1934 के प्रलयंकारी भूकंप में क्षतिग्रस्त कोसी-मिथिलांचल क्षेत्र का रेल के जरिए एक बार पुनः मिलन होगा। 87 साल बाद सहरसा से निर्मली, झंझारपुर होते हुए दरभंगा तक ट्रेनों का परिचालन होगा। समस्तीपुर मंडल के डीआरएम आलोक अग्रवाल ने कहा कि नया रूट झंझारपुर से प्रारंभ होता है और इसी कारण उदघाटन वाले दिन झंझारपुर से सहरसा के बीच उदघाटन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। बताते चलें कि झंझारपुर में उद्घाटन समारोह में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा, समस्तीपुर मंडल के डीआरएम आलोक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.