शहर के सभी प्रमुख इलाकों में जगह-जगह गड्ढा कर छोड़ देने से शहरवासी पहले से ही परेशान हैं। इसी बीच कलमबाग रोड में कल्वर्ट बनाने के लिए नाला बंद करने के कारण ईद और लगन के मौके पर प्रमुख बाजार मोतीझील व कल्याणी से लेकर तिलक मैदान रोड में सोमवार को नाले का गंदा पानी बजबजाता रहा। ईद की खरीदारी करने पहुंचे मोतीझील में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
राजद के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. इकबाल मोहम्मद शमी ने कहा कि ईद के मौके पर शहर में इस तरह की दुर्गति पहले कभी नहीं देखी गई थी। भारत जलपान, नव युवक समिति ट्रस्ट, तिलक मैदान रोड, मोतीझील में मेन रोड पर नाले का पानी दुर्गंध दे रहा है। छाता चौक के अधिवक्ता नवेंदु कुमार ने निर्माण एजेंसी के रवैया पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सोमवार शाम में मोतीझील में मामा की बेटी की शादी में परिवार के साथ दुर्गति झेलते पहुंचना पड़ा।
मोतीझील व्यवसायी संघ के अध्यक्ष त्रिभुवन राय उर्फ टुल्लू राय ने कहा कि व्यवसायी फिर से गोलबंद हो रहे हैं। ईद के मौके पर इस तरह की दुर्गति नहीं होनी चाहिए। कल्वर्ट का निर्माण होना चाहिए, लेकिन कुछ घंटे के बाद खोल देने से लोगों को राहत मिलेगी। सिटी मैनेजर से भी इस समस्या को लेकर बात हुई है। बता दें कि 5 करोड़ 87 लाख की लागत से स्मार्ट सिटी के तहत हरिसभा चौक से मोतीझील होते हुए टाउन थाने तक सड़क व नाले का निर्माण होना है।

शहर की समस्या को लेकर 6 को मेयर को बुलाया पटना
स्मार्ट सिटी के तहत शहर में हो रहे बेतरतीब निर्माण, ट्रेड लाइसेंस व यूजर चार्ज के मुद्दे पर मेयर राकेश कुमार पिंटू, स्टैंडिंग मेंबर राजीव कुमार पंकू व अभिमन्यु चौहान ने डिप्टी सीएम से मुलाकात की। इन्होंने कहा कि चुनाव के समय यूजर चार्ज व ट्रेड लाइसेंस की वसूली से लोगों में गलत मैसेज जा रहा है। डिप्टी सीएम ने मेयर को 6 मई को पटना बुलाया। मेयर ने बताया कि बोर्ड की बैठक में यूजर चार्ज नहीं लेने का फैसला लिया गया। इसके बावजूद निगम प्रशासन 30 रुपए महीना के हिसाब से 360 रुपए प्रति साल यूजर चार्ज जबरदस्ती वसूल रहा है। इसी तरह की स्थिति ट्रेड लाइसेंस में भी बनी हुई है।

शहर में गड्ढा करके छोड़ देने की मिल रही शिकायत : तारकिशोर
शहर में नाला बनाने के लिए जगह-जगह गड्ढा कर छोड़ दिया गया है। कई जगह काम अधूरा है। स्मार्ट सिटी व बुडको द्वारा ड्रेनेज बनाने का जो काम चल रहा है, इसका जायजा लेने के लिए जल्द पटना से टीम भेजेंगे। यह बातें उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में कही। नगर विधायक विजेंद्र चौधरी के बड़े भाई के श्राद्धकर्म के मौके पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे कई जगह से यह शिकायत मिल रही है कि पूरे शहर में नाला बनाने के लिए खुदाई करने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
सबसे चिंता की बात यह है कि अगले एक से डेढ़ माह में बारिश शुरू हो जाएगी। इसके बाद नाला निर्माण संभव नहीं होगा। इसलिए जितने गड्ढे किए गए हैं, वहां बारिश के पहले हर हाल में काम पूरा करना होगा। वहीं, नगर निगम चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ने प्रतीक्षा करने के लिए कहा।





Comment here