शिवहर में एक लड़की ने वीडियो जारी कर कहा है कि वो अपनी मर्जी से घर से भागी है, उसने शादी भी कर ली है। अपहरण जैसी कोई बात नहीं है। दरअसल तरियानी थाना में 16 साल की नाबालिग के अपहरण का केस उसके पिता ने दर्ज कराया है। जिसमें बरियारपुर निवासी सोनू कुमार सहित अन्य लोगों पर उनकी पुत्री के अपहरण का आरोप है।
वहीं पुत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पिता की ओर से दर्ज प्राथमिकी को गलत ठहराते हुए स्वेच्छा से जाने कि बात कही है। वीडियो में युवक के साथ नाबालिग अपना पूरा परिचय बताते हुए कहती नजर आ रही है कि वो अपनी स्वेच्छा से सोनू के साथ गई है और शादी भी कर ली है। वही पिता ने जो प्राथमिकी दर्ज कराई गई है उसमें सोनू और उसके परिवार वालों का कोई कसूर नहीं है। यहां तक कि नाबालिग ने बताया वो बिहार से बाहर है और बिहार में आने के बाद वो खुद समर्पण कर देगी।
14 अप्रैल को पिता ने दर्ज करवाई थी FIR
14 अप्रैल को तरियानी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री को अपहरण किए जाने की शिकायत थाने में कराई थी। इसमें थाना क्षेत्र के बरियारपुर निवासी भाग्यनारायण के पुत्र सोनू कुमार समेत उनके परिजनों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
पिता बोले- जबरन उठाकर ले गया था
दर्ज प्राथमिकी में लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री 13 अप्रैल को वृंदावन में कोचिंग सेंटर पढ़ने गई थी। शाम तक नहीं लौटी, तो खोजबीन की गयी। खोजबीन के क्रम में पता चला कि उसकी पुत्री को बरियारपुर निवासी सोनू कुमार सहित अन्य लोग अपहरण कर गाड़ी में बैठा कर ले गए हैं। इसके बाद पुलिस लड़की की खोज में जुट गई थी। मामले पर तरियानी थानाध्यक्ष शाेभाकांत पासवान ने बताया कि पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर जांच की जा रही है। वीडियो मिलने के बाद इसकी भी जांच की जा रही है।



Leave a Reply