आरजेडी की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए. सबसे बड़ी बात यह रही कि नीतीश कुमार सीएम हाउस से पैदल चलकर राबड़ी आवास पहुंचे. लगभग चार साल के बाद सीएम नीतीश राबड़ी आवास पहुंचे. तेजस्वी यादव की इफ्तार पार्टी में सीएम नीतीश कुमार के शामिल पर सियासी अटकलें तेज है. तेजप्रताप यादव ने भी बिहार में सरकार बनाने का दावा किया है. लेकिन आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने सीएम नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि जो दिमागी तौर पर असहज हो और स्थिर नहीं हो उसका भरोसा करना मुश्किल है. जिस पर तेजप्रताप यादव ने जगदानंद सिंह पर पलटवार करते हुए कहा है कि पिताजी को बेल हो गया है इसलिए जगदानंद सिंह हताश हो गए हैं.
जगदानंद सिंह द्वारा सीएम नीतीश को लेकर दिए गए बयान पर तेजप्रताप यादव ने कहा कि पिताजी को बेल हो गया है इसलिए जगदानंद सिंह हताश हो गए हैं. इनका सूपड़ा साफ हो जाएगा. इसलिए इस तरह का अनर्गल बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह आदरणीय हैं. हमारे पूजनीय हैं चाचा समान हैं लेकिन इस तरह का बयान उनको नहीं देना चाहिए. तेजप्रताप ने कहा कि अब कोई आ रहा है आपके दरवाजे पर तो उनको सम्मान देना है. कोई दरवाजे पर आएगा तो उनका सम्मान करना है बेइज्जती थोड़े करना है. वहीं उन्होंने कहा कि कौन दिमागी रूप से पागल है वह दिखाई दे गया. किसको पागलखाना जाना चाहिए.
दरअसल बहुचर्चित चारा घोटाला के डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में सजायाफ्ता RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को जमानत मिल गई है. शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट से लालू यादव को जमानत मिली है. लालू यादव के वकील की ओर से आरजेडी सुप्रीमो की बीमारी, उम्र और आधी सजा जेल में काटने का हवाला देते हुए जमानत की गुहार लगाई गई थी. अदालत ने सीबीआइ की दलील को नकार दिया और लालू यादव को जमानत दे दी. लालू यादव फिलहाल बीमार हैं और दिल्ली के एम्स में उनका इलाज चल रहा है.
बता दें कि जगदानंद सिंह द्वारा सीएम नीतीश को लेकर दिए गए बयान पर तेजप्रताप यादव ने कहा कि जगदानंद सिंह कल कहां थे. हमलोग तो पूरा खोजा जगदानंद सिंह जी को वह तो कल राबड़ी आवास आये नहीं थे. जगदानंद सिंह से सबसे पहले यह सवाल किया जाए कि कल जब राबड़ी आवास पर सब लोग थे. बिहार की पूजनीय जनता समेत सबलोग उपस्थित थे. बड़े-बड़े दिग्गज नेता थे तो ये क्यों रुके हुए हैं. तेजप्रताप यादव ने कहा कि इसमें रुकना क्या है. जब सरकार बनाना है. हमने कह दिया कि मैं सरकार बनाऊंगा तो उनको तो ख़ुशी जाहिर करना चाहिए कि सरकार बन रही है. तेजस्वी अब सीएम बनेंगे. जगदानंद सिंह क्या चाहते हैं तेजस्वी जी सीएम नहीं बने. उनको इन बयानों से बचना चाहिए.
बतातें चलें कि इफ्तार पार्टी में सीएम नीतीश कुमार से तेजप्रताप यादव की लंबी बातचीत हुई. जिसको लेकर तेजप्रताप यादव ने दावा करते हुए कहा कि बिहार में आरजेडी सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने कहा कि हम सरकार बनाएंगे और खेल खुल जाएगा. यह एक रहस्य है. नीतीश जी के साथ गुप्त बातचीत हुई है. वहीं इस मामले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ऐसी इफ्तार पार्टियों में बहुत से लोगों को आमंत्रित किया जाता है. इसका राजनीति से क्या संबंध है? हम भी एक इफ्तार पार्टी रखते हैं और सभी को इसमें आमंत्रित करते हैं.



Leave a Reply