बिहार में कोरोना को डिटेक्ट करने के लिए सरकार ने नई प्लानिंग की है। योजना 3 स्टेप में वायरस का पता लगाने की है। इसमें पहले रैंडम फिर इंटेंसिव और उसके बाद वृहद जांच का स्टेप बनाया गया है। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की हाई लेवल बैठक में कोरोना से लड़ाई की पूरी योजना तैयार की गई है।
कोरोना के पहले स्टेप में रैंडम जांच को रखा गया है। इसके तहत भीड़ में बाहर से आने वालों की रैंडम जांच कराई जाएगी। रैंडम जांच में संख्या का कोई दायरा नहीं होगा। स्वास्थ्य कर्मी अपने हिसाब से यह संख्या तय कर बाहर से आने वालों की जांच कर लेंगे। इसमें ऐसे लोगों को रखा जाएगा जो प्रभावित शहरों से बिहार आ रहे हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशन काे टारगेट किया जाएगा।
रैंडम में पॉजिटिवटी के बाद दूसरा स्टेप
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोन को ट्रेस करने का जो दूसरा स्टेप तैयार किया है वह रैंडम जांच की रिपोर्ट के आधार पर तय होगा। रैंडम जांच में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़ी तो दूसरा इंटेसिव स्टेप को फॉलो किया जाएगा। इसके तहत वृहद स्तर पर बाहर से आने वालों की जांच कराई जाएगी। इसके माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि संक्रमण की दर बाहर से आने वालों में क्या है।
हालात अनकंट्रोल हुआ तो तीसरा स्टेप
कोरोना के दोनो स्टेप में मामले बढ़ते नजर आए और संक्रमण की दर अधिक पाई गई तो जांच को पूरी तरह से कंपल्सरी कर दिया जाएगा। राज्य में वृहद स्तर पर कोरोना की जांच कराई जाएगी। इस जांच में बाहर से आने वालों पर पूरी सख्ती होगी। कोरोना वायरस को डिटेक्ट करने के लिए सार्वजनिक स्थानों और अस्पतालों के साथ रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट सहित बस अड्डो पर जांच बढ़ा दी जाएगी।
देश में बढ़ रहे कोरोना ने बढ़ाई चिंता
देश में कोरोना करफ्तार जिस तरह से बढ़ रही है, वह चिंता बढ़ाने वाली है। दिल्ली के साथ राज्य के अन्य इलाकों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने को लेकर जांच पर ही बड़ा फोकस किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की हुई हाई लेवल बैठक में निर्णय लिया गया है कि किसी भी दशा में कोरोना को लेकर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जांच पर पूरी तरह से फोकस करना होगा। जांच में मामला सामने आने के बाद अगर संक्रमण की दर बढ़ती है तो फिर बड़ी तैयारी की जाएगी।
रैंडम जांच को लेकर पूरी तैयारी
रैंडम जांच को लेकर सरकार की पूरी तैयारी है, यानि सरकार कोरोना को पकड़ने के लिए पहले स्टेप पर चल चुकी है। अब रैंडम जांच की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को अधिकारियों की बैठक में यह फैसला लिया गया है कि एहतियात को लेकर पूरी व्यवस्था बनाई जाए। इसके तहत कोरोना की जांच में पूरी तत्परता के साथ अस्पतालों में भी व्यवस्था बनाई जाए। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का कहना है कि कोरोना को लेकर विभाग पूरी तरह से गंभीर है, कोरोना देश में बढ़ रहा है इसलिए पूरी तैयारी कर ली गई है। एक दिन में 70 से 80 हजार जांच किया जा रहा है, जिससे संक्रमण का पता जल्दी लगाकर अगले स्टेप पर काम किया जा सके।
बाहर से आने वालों के परिवार को सुरक्षित करना चुनौती
स्वास्थ्य विभाग में कोरोना को लेकर चल रहे मंथन में सबसे बड़ी चुनौती बाहर से आने वालों से है। बाहर से आने वालों की जांच कर उनके परिवार को सुरक्षित करना बड़ी चुनौती है। इसके लिए काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग रैंडम जांच के आधार पर पहले ऐसे लोगों को डिटेक्ट करेगा और फिर दूसरे और तीसरे स्टेप में कोरोना की जांच को लेकर प्लानिंग की जाएगी।
24 घंटे में 3 नए मामले
बिहार में 24 घंटे में 3 नए मामले आए हैं। एक्टिव मामलाें की संख्या बढेगी। अब तक राज्य में कुल 830498 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है जिसमें 818233 लोगों ने काेरोना को मात दी है जबकि 12256 लोगों की कोरोना से अब तक मौत हुई है। संक्रमण के मामले को रोकने को लेकर हर स्तर पर तैयारी की जा रही है।



Leave a Reply