लखनऊ से बक्सर तक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को अब पटना के रास्ते भागलपुर तक बढ़ाया जाएगा। बिहार सरकार ने उत्तर प्रदेश के 341 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे को राजधानी पटना के माध्यम से भागलपुर तक विस्तारित करने की योजना बनाई है।
दरअसल, बुधवार को नई दिल्ली में नितिन और केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के सचिव गिरिधर अरमानी के बीच बैठक सम्पन्न हुई। इसमें भारतमाला परियोजना के तहत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के विस्तार और राज्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर अन्य लंबित कार्यों पर सहमति बनी। इसी दौरान राज्य सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को एक्सटेंड करने का प्रस्ताव दिया।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के विस्तार के रूप में 350 किलोमीटर के बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे बक्सर को उत्तर प्रदेश की सीमा से पूर्वी बिहार में भागलपुर तक करने का प्रस्ताव दिया गया। इस बैठक में केंद्र और राज्य दोनों ने बिहार के दरभंगा, मधुबनी, सहरसा और सुपौल जैसे शहरों को जोड़ने के लिए गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे पर भी सहमति व्यक्त की।
नितिन ने केंद्र को स्पष्ट किया कि सड़क परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी मुद्दों को पहले ही सुलझा लिया गया है और अब केवल कार्यों के शीघ्र करने की आवश्यकता है। बैठक में केंद्र और राज्य दोनों सरकारों के अधिकारी भी मौजूद थे।
नितिन ने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के सभी लंबित कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा और एक समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय मंत्रालय ने अपने फंड से कोइलवार-बिहटा फोरलेन हाईवे को पूरा करने का निर्देश जारी किया है।
कहां से कहां तक है पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे
341 किमी लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लखनऊ-सुल्तानपुर रोड (एनएच-731) पर स्थित ग्राम चौदसराय, जिला लखनऊ से शुरू होता है और यूपी-बिहार सीमा से 18 किमी पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर स्थित गांव हैदरिया पर समाप्त होता है।
भूमि अधिग्रहण की लागत सहित 22,494 करोड़ के कुल परियोजना मूल्य के साथ, एक्सप्रेस-वे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है।
एक्सप्रेस-वे छह लेन चौड़ा है और भविष्य में इसे आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है। ये एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के 9 शहरों से होकर गुजरता है। इममें लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर शामिल हैं। इस एक्सप्रेस-वे की वजह से वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज जैसे जिलों को भी फायदा हो रहा है।
UP सरकार का अनुमान है कि इस एक्सप्रेस-वे के शुरू होने पर हर रोज 15 से 20 हजार वाहन इस पर से गुजरेंगे। धीरे-धीरे ये संख्या और बढ़ेगी।
यदि झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमाओं के पास स्थित भागलपुर तक विस्तारित किया जाता है, तो ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पटना में रहने वाले लोगों सहित दक्षिण बिहार के लोगों को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए कम समय में यात्रा के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगा।



Leave a Reply