NDA एक परिपक्व और सुलझा हुआ स्वाभाविक गठबंधन है, जिसके कार्यों को जनता सहज स्वीकार करती है और पूरा भरोसा करती है। NDA गठबंधन के सहयोगी भाजपा की प्रत्याशी बेबी कुमारी बोचहां उप चुनाव में भारी मतों से चुनाव जीतेगी। इसमें किसी को संशय नहीं होना चाहिए। यह बातें बोचहां चुनाव को लेकर मिठनपुरा स्थित एक होटल में आयोजित NDA की समन्वय बैठक में बिहार सरकार के मध निषेध मंत्री सह जदयू से बोचहां के प्रभारी सुनील कुमार ने कही।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि RJD और VIP दोनों ही स्वार्थ आधारित राजनीति के दो चेहरे हैं। RJD ने अंतिम समय में VIP के और VIP ने RJD की पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया, लेकिन BJP ने उस दलित महिला को प्रत्याशी बनाया है जिसने 2015 में निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भी सत्ता में जाने के स्थान पर सिद्धांतों की खातिर BJP को समर्थन देकर विपक्ष में बैठना स्वीकार किया। 2020 के चुनाव में एक अन्य दल का टिकट वापस कर अपने निजी हित पर सिद्धांतों को महत्व दिया।
तेजस्वी पर भी साधा निशाना
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव दलित के नाम पर वोट मांग रहे हैं, लेकिन ऐसा करने से पहले वह यह भूल जाते हैं कि उन पर 2020 के चुनाव के दौरान पैसे लेकर टिकट देने का खुलासा करने वाले पूर्णिया के दलित नेता शक्ति मलिक की हत्या, पिछड़े वर्ग के मुकेश सहनी की पीठ में खंजर भोंकने का आरोप है। एक तरफ कभी RJD तो कभी NDA में स्वार्थ सिद्धि के लिए भागदौड़ करने वाले अपरिपक्व नेता मुकेश सहनी हैं। इन्हें BJP और NDA ने चुनाव हारने के बाद भी MLC बनाकर केवल इसलिए मंत्री बनाया कि वे निषाद समाज की भलाई की बात करते थे।
BJP को कमजोर करने में जुटे थे
वे पांच साल मंत्री बनकर निषाद समाज की भलाई करने के स्थान पर BJP और NDA को ही कमजोर करने में जुट गए और जब इसमें असफल रहे तो उनका लालू प्रेम जाग गया। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि इस स्वाभाविक गठबंधन में कार्यकर्ताओं को मोदी-नीतीश के काम और BJP के निशान पर लड़ना है, जनता आपको जीत निश्चित दिलाएगी। इसके अलावा NDA की बैठक को मंत्री रामसूरत राय, BJP प्रदेश महामंत्री भीखू भाई दिलसानिया, JDU के प्रदेश सचिव राशि खत्री, JDU जिलाध्यक्ष मनोज कुमार किसान, BJP के विधान पार्षद देवेश कुमार, निवेदिता सिंह, MP अजय निषाद, राजेश वर्मा इत्यादि ने भी संबोधित किया।
चुनाव जीतने का किया दावा
बैठक में बोचहां चुनाव में 40 हजार से अधिक वोट से जितने पर भी मंथन हुआ। NDA नेताओं ने कहा कि बोचहां चुनाव में भारी मतों से बेबी कुमारी की जीत तय है। अध्यक्षता BJP जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, संचालन महामंत्री सचिन कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला जदयू उपाध्यक्ष अशोक झा ने किया। इसमें प्रदेश JDU से देवानानंद गुप्ता, कारी साहू, विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र साहू मनोज कुमार, जिला उपाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी, जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ कुमार, जिला मीडिया प्रभारी सम्राट कुमार, नचिकेता पांडे, इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



Leave a Reply